ईरान की चेतावनी: क्षेत्र में अमेरिका और इसराइल से जुड़े आर्थिक व बैंकिंग ठिकाने होंगे निशाना

By: The Trek News Desk

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने चेतावनी दी है कि वह क्षेत्र में अमेरिका इसराइल से जुड़े आर्थिक और बैंकिंग प्रतिष्ठानों को निशाना बना सकता है. यह बयान तेहरान में एक प्रमुख बैंक से जुड़े भवन पर हुए हमले के बाद सामने आया है.

ईरान की सैन्य कमान ख़ात्म अल-अमबिया सेंट्रल हेडक्वाटर्स के प्रवक्ता इब्राहिम ज़ोलफकारी ने बुधवार को कहा कि देश के बैंकिंग ढांचे पर हमला “अवैध और असामान्य” कार्रवाई है, जिसके बाद ईरान को जवाबी कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है.

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तेहरान में स्थित बैंक सेपाह से जुड़े एक प्रशासनिक भवन को रात में निशाना बनाया गया. यह बैंक ईरान के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में से एक माना जाता है और इसका ऐतिहासिक रूप से सैन्य प्रतिष्ठानों से भी संबंध रहा है.

अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, हमले में बैंक से जुड़े भवन को नुकसान पहुंचा, हालांकि अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.

प्रवक्ता इब्राहिम ज़ोलफकारी ने कहा कि अमेरिका और इसराइल ने अपनी “असफल मुहिम” के बाद अब ईरान की आर्थिक संस्थाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्रवाई के बाद ईरान भी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी और इसराइली हितों से जुड़े आर्थिक केंद्रों और बैंकों को निशाना बना सकता है.

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि सुरक्षा कारणों से बैंकिंग प्रतिष्ठानों से कम से कम 1,000 मीटर की दूरी बनाए रखें, क्योंकि आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं.

विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के बयान पश्चिम एशिया में पहले से चल रहे तनाव को और बढ़ा सकते हैं, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *