ट्रंप के चीन दौरे में एलन मस्क और टिम कुक समेत कई दिग्गज़ सीईओ शामिल

By: The Trek News Desk

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस हफ्ते होने वाले चीन दौरे में वैश्विक टेक और कॉरपोरेट जगत के कई बड़े नाम शामिल हो रहे हैं. इस हाई-प्रोफाइल प्रतिनिधिमंडल में टेस्ला प्रमुख एलन मस्क भी शामिल हैं.

व्हाइट हाउस के एक प्रवक्ता के अनुसार, एलन मस्क एयर फोर्स वन में सवार होकर बीजिंग के लिए रवाना हुए, जहां वे राष्ट्रपति ट्रंप के साथ आधिकारिक यात्रा का हिस्सा होंगे. यह यात्रा मंगलवार को शुरू हुई.

जानकारी के मुताबिक, यह दौरा केवल राजनीतिक नहीं बल्कि आर्थिक और तकनीकी साझेदारी के लिहाज़ से भी बेहद अहम माना जा रहा है, जिसमें कई वैश्विक कंपनियों के शीर्ष अधिकारी भी शामिल हैं.

इस प्रतिनिधिमंडल में एप्पल के सीईओ टिम कुक भी शामिल हैं, जो सितंबर में अपने पद से हटने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं. वहीं एनवीडिया के प्रमुख जेनसेन हुआंग भी इस यात्रा का हिस्सा हैं, जिनकी कंपनी दुनिया में एआई चिप्स की सबसे बड़ी सप्लायर मानी जाती है.

इसके अलावा कई अन्य प्रमुख कॉरपोरेट लीडर्स भी इस डेलिगेशन में शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें बोइंग के सीईओ रॉबर्ट “केली” ऑर्टबर्ग, ब्लैकरॉक के लार्री फिंक, ब्लैकस्टोन के स्टीफन श्वार्जमैन, कारगिल के ब्रायन साइकस, सिटीग्रुप की जेन फ्रेजर, गोल्डमैन सैक्स के डेविड सोलोमन और मास्टरकार्ड के माइकल मिएबाच शामिल हैं.

टेक और वित्त क्षेत्र की कई अन्य बड़ी हस्तियां भी इस दौरे का हिस्सा हैं, जिनमें मेटा की डायना पॉवेल मैककॉर्मिक, माइक्रोन के संजय मेहरोत्रा, क्वालकॉम के क्रिस्टियानो अमोन और वीज़ा के रयान मैकइनेर्नी जैसे नाम शामिल हैं.

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह का बड़ा कॉरपोरेट प्रतिनिधिमंडल अमेरिका-चीन संबंधों में आर्थिक सहयोग, निवेश और तकनीकी प्रतिस्पर्धा के नए आयाम तय कर सकता है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *