By: प्रेरणा भारती
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), आर.जी. पी.जी. कॉलेज के सात दिवसीय विशेष शिविर का छठा दिन कुटी गांव में बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ. स्वयंसेवकों ने प्राइमरी स्कूल का भ्रमण किया और बच्चों के साथ रोचक गतिविधियां कीं, साथ ही SEBI आधारित फाइनेंशियल अवेयरनेस कैंप लगाकर ग्रामीणों को वित्तीय जागरूकता दी.
शिविर का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी निर्लेप कौर और डॉ. रजनी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में हो रहा है. 14 मार्च 2026 को आयोजित इस दिन की शुरुआत सुबह लक्ष्य गीत और योगाभ्यास से हुई, जिससे स्वयंसेविकाओं में जोश और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ.
स्वयंसेविकाओं ने शेरगढ़ी प्राइमरी स्कूल पहुंचकर बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित कीं. क्विज़ प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इससे न केवल उनके ज्ञान में इज़ाफ़ा हुआ, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा. स्वयंसेविकाओं ने हाथ से बनाए हैंडमेड गिफ्ट बच्चों को दिए, जिससे बच्चे खूब खुश हुए और एकदम पारिवारिक माहौल बन गया. इस दौरान शिक्षिकाओं रेखा सोनी और अनीता ने खास सहयोग दिया.

दोपहर के सत्र में SEBI प्रमाणित अर्चना शर्मा ने मुख्य वक्ता के तौर पर फाइनेंशियल साक्षरता पर विस्तार से जानकारी दी. बचत प्रबंधन, निवेश के सही तरीके और फ्रॉड से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रोचक ढंग से बताया गया. कार्यक्रम में फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट पर क्विज़ भी हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह दिखाया और सही जवाब देकर अपनी समझ का प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम अधिकारियों ने सभी स्वयंसेविकाओं, सहयोगियों और मुख्य वक्ता के प्रति आभार जताया. यह दिन स्वयंसेविकाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक रहा, जिसने समाज सेवा की भावना को और मज़बूत किया.
एनएसएस के इस विशेष शिविर से युवा न केवल गांव की सेवा कर रहे हैं, बल्कि खुद को भी बेहतर नागरिक बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं. शिविर का अंतिम दिन कल होगा, जिसमें और भी खास गतिविधियां प्रस्तावित हैं.
