By: The Trek News Desk
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. अंडर-कंस्ट्रक्शन मेट्रो परियोजना के एक पिलर का हिस्सा अचानक गिरने से नीचे गुज़र रहा एक ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में तीन से चार लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है.
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 12:20 बजे उत्तर-पूर्वी मुंबई के व्यस्त एलबीएस रोड पर हुई. हादसा जॉनसन एंड जॉनसन फैक्ट्री के सामने उस समय हुआ जब निर्माणाधीन मेट्रो लाइन-4 के पिलर से सीमेंट का स्लैब टूटकर नीचे आ गिरा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भारी सीमेंट स्लैब सीधे सड़क से गुज़र रहे ऑटो रिक्शा पर गिरा, जिससे वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और मेट्रो निर्माण कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
फिलहाल घायलों को निकालने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है. अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जाएगी और आगे की जानकारी का इंतज़ार किया जा रहा है.
स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट कर दिया है ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
Source: News Agencies
