असम में देश की पहली अंडरवॉटर रोड-कम-रेल सुरंग को केंद्र सरकार की मिली मंज़ूरी

By: The Trek News Desk

असम के लिए एक बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना को मंज़ूरी मिल गई है. केंद्र सरकार ने राज्य में देश की पहली ट्विन-ट्यूब अंडरवॉटर रोड-कम-रेल सुरंग के निर्माण को हरी झंडी दे दी है. असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इसे राज्य के विकास की दिशा में “ऐतिहासिक मील का पत्थर” बताया है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स ने गोहपुर और नुमालीगढ़ के बीच इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंज़ूरी दी है. कुल 18,662 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट 33.7 किलोमीटर लंबा चार-लेन कॉरिडोर होगा, जिसमें ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे 15.79 किलोमीटर लंबी सुरंग शामिल है.

मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यह परियोजना 2021 में रखे गए एक सपने का साकार रूप है. उन्होंने बताया कि इस सुरंग के बनने से नुमालीगढ़ और गोहपुर के बीच की दूरी 240 किलोमीटर से घटकर मात्र 34 किलोमीटर रह जाएगी. यात्रा समय में भी भारी कमी आएगी, जो लगभग छह घंटे से घटकर केवल 20 मिनट रह जाएगा.

सरमा के अनुसार, यह सुरंग असम और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी. इससे माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी, लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी और व्यापार, पर्यटन तथा औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि यह ब्रह्मपुत्र नदी पर असम की चौथी रेल लाइन होगी, जिससे यात्री और माल परिवहन दोनों को सुविधा मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का भी आभार जताया और कहा कि यह योजना राज्य के विकास को नई रफ्तार देगी.

Source: News Agencies

3 thoughts on “असम में देश की पहली अंडरवॉटर रोड-कम-रेल सुरंग को केंद्र सरकार की मिली मंज़ूरी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *