By: The Trek News Desk
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालिया बयान में कहा है कि चल रहे संघर्ष में अमेरिका अपने “मुख्य उद्देश्यों” को लगभग हासिल कर चुका है. उन्होंने यह भी दोहराया कि अमेरिका उन सैनिकों के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देगा, जिन्होंने इस मिशन के लिए अपनी जान दी.
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका बहुत जल्द इस अभियान को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उनके मुताबिक, आने वाले दो से तीन हफ्तों में ईरान के ख़िलाफ और भी सख्त सैन्य कार्रवाई की जा सकती है.
अमेरिका में बढ़ती तेल और गैस की कीमतों को लेकर उठ रही चिंताओं पर ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इसके लिए सीधे तौर पर ईरान को ज़िम्मेदार ठहराते हुए कहा कि ईरानी सरकार द्वारा तेल टैंकरों और पड़ोसी देशों पर किए गए हमलों के कारण यह स्थिति पैदा हुई है. हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह बढ़ोतरी अस्थायी है.
ट्रंप ने साफ किया कि इस संघर्ष का उद्देश्य सत्ता परिवर्तन नहीं था, लेकिन मौजूदा हालात में ईरान के शीर्ष नेतृत्व का अंत हो चुका है. उन्होंने उम्मीद जताई कि अमेरिका और ईरान के बीच कोई समझौता हो सकता है.
हालांकि, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका ईरान के बिजली उत्पादन केंद्रों को निशाना बनाएगा. ट्रंप ने ज़ोर देकर कहा, “हमारे पास सारे विकल्प और ताकत है, जबकि उनके पास कुछ भी नहीं है.”
Source: News Agencies
