ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ पर ‘पूर्ण नियंत्रण’ का किया दावा

By: The Trek News Desk

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने रणनीतिक रूप से बेहद अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ पर पूर्ण नियंत्रण होने का दावा किया है. यह जलमार्ग वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए जीवनरेखा माना जाता है.

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के नौसैनिक अधिकारी मोहम्मद अकबरज़ादेहने सरकारी समाचार एजेंसी को जारी बयान में कहा कि वर्तमान में यह रास्ता पूरी तरह इस्लामिक रिपब्लिक की नौसेना के नियंत्रण में है. उन्होंने चेतावनी दी कि इस मार्ग से गुज़रने वाले किसी भी जहाज़ को मिसाइल हमलों या ड्रोन गतिविधियों से नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है.

होर्मुज़ से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस का परिवहन होता है, जिससे एशिया, यूरोप और अमेरिका के कई देश जुड़े हैं. ऐसे में यहां किसी भी सैन्य गतिविधि का सीधा असर वैश्विक ऊर्जा बाज़ार पर पड़ सकता है.

दूसरी ओर, अमेरिका ने भी इस घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुज़रने वाले तेल टैंकरों की सुरक्षा यकीनी करने के लिए तैयार है. उन्होंने संकेत दिया कि ज़रूरत पड़ने पर अमेरिका अपने जहाज़ों को एस्कॉर्ट प्रदान करेगा ताकि अंतरराष्ट्रीय शिपिंग बाधित न हो.

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात और बिगड़ते हैं तो इसका असर वैश्विक तेल कीमतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ सकता है. फिलहाल दुनिया की निगाहें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और खाड़ी क्षेत्र में जारी घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *