संजय राउत ने मुंबई पुलिस आयुक्त को लिखा पत्र सांसद संजय दीना पाटिल के ख़िलाफ कार्रवाई की मांग  

By: The Trek News Desk

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज़ हो गया है. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने मुंबई पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर हाल ही में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए सांसद संजय दीना पाटिल के ख़िलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. राउत ने आरोप लगाया है कि पाटिल ने विरोध प्रदर्शन करने वालों को “बम से उड़ाने” और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है.

इस पूरे विवाद के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य में किसी को भी धमकी देने या डराने की अनुमति नहीं दी जाएगी और पुलिस कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करेगी.

संजय राउत ने अपने पत्र में कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि ने वास्तव में बम के इस्तेमाल जैसी बातें कही हैं, तो यह बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने मांग की कि इस मामले की गहन जांच की जाए और ज़रूरत पड़ने पर आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की मदद भी ली जाए.

राउत का कहना है कि महाराष्ट्र में हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर शिंदे गुट में शामिल हुए सांसदों को लेकर जनता के बीच नाराज़गी है और कई जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता को अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों से सवाल पूछने और विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है.

राउत ने आरोप लगाया कि संजय दीना पाटिल ने कथित रूप से कहा था कि जो लोग उनके ख़िलाफ प्रदर्शन करेंगे, उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे. उन्होंने यह भी दावा किया कि पाटिल ने अपने बयान में हिंसा और जान से मारने जैसी बातें कही थीं.

राज्यसभा सांसद राउत ने मांग की कि यदि ऐसे बयान दिए गए हैं तो उनकी कानूनी जांच होनी चाहिए और कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए.

यह विवाद उस समय और बढ़ गया जब हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) के छह लोकसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया. इसके बाद दोनों गुटों के नेताओं के बीच तीख़ी बयानबाज़ी देखने को मिली.

राजनीतिक घटनाक्रम के बीच संजय राउत और संजय दीना पाटिल के बीच सार्वजनिक तौर पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी तेज़ हो गया है.

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार किसी भी तरह की धमकी या भय का माहौल बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेने या धमकी देने की कोशिश करता है, तो पुलिस उसके खिलाफ उचित कदम उठाएगी.

फडणवीस ने यह भी कहा कि लोगों को ऐसी धमकियों से डरने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की ज़िम्मेदारी है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *