By: The Trek News Desk
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय से कोहिनूर हीरे को भारत को लौटाने की अपील करने की बात कही है. उन्होंने यह टिप्पणी बुधवार (29 अप्रैल 2026) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की, जब वे उसी दिन बाद में ब्रिटिश सम्राट से मुलाकात करने वाले थे.
ममदानी ने कहा कि यदि उन्हें राजा चार्ल्स से अलग से बात करने का मौका मिलता है, तो वे उनसे कोहिनूर हीरे को भारत वापस करने का आग्रह करेंगे. यह बयान ऐसे समय में आया है जब राजा चार्ल्स और महारानी कैमिला अमेरिका की राजकीय यात्रा पर हैं.
यात्रा के दौरान राजा चार्ल्स ने अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित किया और व्हाइट हाउस में आयोजित राजकीय भोज में हिस्सा लिया, जिसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने होस्ट किया. इसके अलावा, उन्होंने न्यूयॉर्क शहर में 9/11 मेमोरियल का दौरा कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा हार्लेम ग्रोन जैसे सामुदायिक प्रोजेक्ट का भी अवलोकन किया.
इसी दौरान ममदानी की राजा चार्ल्स से मुलाकात 9/11 स्मारक स्थल पर हुई.

गौरतलब है कि 105.6 कैरेट का कोहिनूर हीरा 1849 में महाराजा दलीप सिंह द्वारा ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी को सौंपा गया था, जिसके बाद इसे महारानी विक्टोरिया को भेंट किया गया. 1937 में यह हीरा क्वीन मदर के ताज में जड़ा गया था.
वर्तमान में कोहिनूर ब्रिटेन के टॉवर ऑफ लंदन में प्रदर्शित है और इसे क्वीन एलिजाबेथ द क्वीन मदर के क्राउन का हिस्सा माना जाता है. ऐतिहासिक रिकॉर्ड के अनुसार, इस हीरे का स्वामित्व मुगल सम्राटों, ईरानी शाहों, अफ़ग़ान अमीरों और सिख महाराजाओं सहित कई शासकों के पास रहा है.
भारत समय-समय पर इस हीरे की वापसी का मुद्दा उठाता रहा है और ब्रिटेन से इसे वापस लाने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रखने की बात भी कहता रहा है.
Source: News Agencies
