By: The Trek News Desk
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े एक प्रमुख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान शेख यूसुफ अफरीदी के रूप में हुई है, जो संगठन का प्रमुख सदस्य और हाफिज़ सईद का करीबी सहयोगी माना जाता था.
पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार को खैबर क्षेत्र के लांडी कोटल इलाके में हुई, जो राजधानी इस्लामाबाद से करीब 250 किलोमीटर दूर स्थित है. अज्ञात हमलावरों ने अफरीदी पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हमलावर घटना के बाद फरार हो गए और अब तक किसी संगठन ने हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
सूत्रों के अनुसार, अफरीदी प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा के क्षेत्रीय नेटवर्क में अहम भूमिका निभाता था. वह खासतौर पर खैबर पख्तूनख्वा में संगठन के लिए भर्ती और समन्वय कार्यों में सक्रिय था.
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय प्रशासन ने हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है. वहीं, जमात-उद-दावा से जुड़े एक अधिकारी ने अफरीदी को एक “प्रसिद्ध धार्मिक विद्वान” बताया और कहा कि वह खैबर के जखाखेल कबीले से ताल्लुक रखता था तथा अहल-ए-हदीस विचारधारा से जुड़ा हुआ था.

अधिकारी ने यह भी दावा किया कि हाल के समय में सलाफी विचारधारा के विद्वानों द्वारा चरमपंथी संगठनों को चुनौती दी जा रही है, जिसके चलते ऐसे हमले हो सकते हैं.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक नेताओं में से एक अमीर हमज़ा भी गोलीबारी की घटना में घायल हो गया था. वहीं, संगठन प्रमुख हाफिज सईद 2019 से लाहौर की कोट लखपत जेल में आतंकी फंडिंग मामलों में सज़ा काट रहा है.
Source: News Agencies
