ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर सख़्त रुख़, अमेरिका के लिए सबसे अहम मुद्दा: मार्को रुबियो

By: The Trek News Desk

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि यह मुद्दा अब भी सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है और इसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता.

एक इंटरव्यू के दौरान रुबियो ने ईरान के हालिया प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें तेहरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा को टालने की बात कही है. इसके बदले में उसने स्ट्रेट ऑफ होरमुज़ पर अपनी पकड़ ढीली करने और तनाव कम करने की पेशकश की है, बशर्ते अमेरिका अपनी पाबंदियां हटाए और मौजूदा संघर्ष को समाप्त करे.

रुबियो ने स्पष्ट तौर पर कहा कि यदि ईरान में मौजूदा कट्टरपंथी शासन बना रहता है, तो भविष्य में वह परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश कर सकता है. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि यही मूल मुद्दा है, जिसका समाधान ज़रूरी है.

उन्होंने यह भी कहा कि ईरान बातचीत में समय हासिल करने की रणनीति अपना रहा है और वह एक अनुभवी वार्ताकार है. ऐसे में अमेरिका को सतर्क रहना होगा और किसी भी समझौते को बहुत सोच-समझकर अंतिम रूप देना होगा.

रुबियो के मुताबिक, अमेरिका की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी समझौता ऐसा हो, जो ईरान को भविष्य में परमाणु हथियार बनाने की दिशा में आगे बढ़ने से पूरी तरह रोक सके.

Source: New Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *