By: प्रेरणा भारती
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने में आ रही तकनीकी खामियों को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ. पूर्व महामंत्री छात्र संघ अंकित अधाना के नेतृत्व में दर्जनों छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव किया और फॉर्म में आ रही समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की.
पूर्व महामंत्री अंकित अधाना ने विश्वविद्यालय को फॉर्म भरने की जिम्मेदारी देने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े करते हुए कहा कि एक हफ्ते से अधिक समय से ये समस्याएं आ रही हैं, लेकिन अभी तक इनका निराकरण नहीं किया गया है.
उन्होंने बताया कि हजारों छात्र फॉर्म भरने की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसमें किसी का बैक फॉर्म नहीं खुल रहा है, तो कोई सेमेस्टर फॉर्म भरने में असमर्थ है; वहीं ग्रेस वाले छात्रों के फॉर्म भी नहीं खुल रहे हैं, और पीजी पाठ्यक्रमों में कई छात्रों की फीस शून्य आ रही है, जिससे वे परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं.

छात्रों के विरोध को देखते हुए, परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र कुमार मौर्य ने तुरंत छात्रों के सामने ही एजेंसी के कर्मचारियों से बात की और तत्काल कई समस्याओं का समाधान भी करवाया, साथ ही बाकी बची हुई समस्याओं पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया.
इसके बाद, पूर्व महामंत्री अंकित अधाना ने कुलपति प्रो संगीता शुक्ला और कुलसचिव अनिल कुमार यादव से मुलाकात कर उनसे एलएलबी और बीएएलएलबी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्रों को एक अंतिम अवसर प्रदान करने की मांग की, ताकि एडेड कॉलेजों में मेरिट के इंतजार में प्रवेश से वंचित रह गए छात्रों को निजी कॉलेजों में प्रवेश का एक मौका मिल सके.
इस प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता विनीत चपराना, रोहित गुर्जर, प्रमोद शेरगढ़ी, आशु गोस्वामी, अनुज गुर्जर, कृष्ण, ए एन मलिक, सोनी आदि छात्र मौजूद रहे.
