विश्व कप में टीम का हौसला बढ़ाने के लिए क़तर के अमीर ने 1,000 प्रशंसकों को भेजा कनाडा

By: The Trek News Desk

फुटबॉल विश्व कप में अपनी राष्ट्रीय टीम को मज़बूत समर्थन देने के लिए क़तर सरकार ने एक अनोखी पहल की है. क़तर ने लगभग 1,000 फुटबॉल प्रशंसकों को कनाडा में आयोजित मैच देखने के लिए विशेष रूप से भेजा है, जिसका पूरा खर्च सरकारी स्तर पर वहन किया जा रहा है.

ये समर्थक कनाडा के वैंकूवर शहर पहुंचे हैं, जहां क़तर की टीम का मुकाबला मेजबान कनाडा से होना है. जानकारी के अनुसार, क़तर के अमीर शेख तमीम बिन हमाद अल थानी द्वारा विशेष चार्टर्ड विमानों की व्यवस्था की गई, जिनके ज़रिए प्रशंसकों को उत्तर अमेरिका पहुंचाया गया.

क़तर से पहुंचे प्रशंसकों के लिए वैंकूवर के कई प्रतिष्ठित होटलों में ठहरने की व्यवस्था की गई है. यात्रा, आवास और स्थानीय परिवहन समेत सभी खर्च संबंधित कार्यक्रम के तहत कवर किए जा रहे हैं.

शहर में पारंपरिक संगीत वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ इन समर्थकों की मौजूदगी ने स्थानीय लोगों और अन्य फुटबॉल प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित किया है.

क़तर फुटबॉल टीम के कप्तान अब्दुलअज़ीज़ हातेम ने समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम को उनके समर्थन का महत्व पूरी तरह समझ में आता है. उन्होंने भरोसा जताया कि खिलाड़ी मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे ताकि प्रशंसक गर्व के साथ स्टेडियम से लौटें.

यह पहल क़तर के सोशल एंड स्पोर्ट कॉन्ट्रिब्यूशन फंड और राष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ के सहयोग से संचालित की जा रही है. “क़तरी फैंस डेलीगेशन प्रोग्राम” के तहत प्रशंसकों को यात्रा, होटल, स्थानीय परिवहन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

फुटबॉल महासंघ का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विश्व कप जैसे बड़े मंच पर टीम के लिए उत्साहपूर्ण माहौल तैयार करना और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना है.

हालांकि वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम में कनाडाई समर्थकों की संख्या कहीं अधिक रहने की संभावना है, लेकिन क़तर द्वारा भेजे गए संगठित समर्थक समूह से टीम को मनोवैज्ञानिक बढ़त मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

करीब 32 लाख की आबादी वाला क़तर दुनिया के प्रमुख प्राकृतिक गैस और तेल निर्यातक देशों में शामिल है. देश ने 2022 फीफा विश्व कप की सफल मेज़बानी की थी और उसी वर्ष पहली बार विश्व कप प्रतियोगिता में बतौर मेजबान टीम हिस्सा लिया था.

अब कत़र एक बार फिर वैश्विक फुटबॉल मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए केवल खिलाड़ियों ही नहीं, बल्कि अपने उत्साही समर्थकों के साथ भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरा है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *