By: The Trek News Desk
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने बॉयफ्रेंड को कथित तौर पर घर बुलाकर उसे बांध दिया, आंखों पर पट्टी बांधी और फिर आग लगाकर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस के मुताबिक, 27 वर्षीय आरोपी महिला प्रेरणा और 27 वर्षीय युवक किरण एक ही टेलीकॉम स्टोर में काम करते थे और पिछले एक साल से रिलेशनशिप में थे. हालांकि, हाल के दिनों में दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था क्योंकि महिला का आरोप था कि किरण उसे नज़रअंदाज़ कर रहा था और शादी से बच रहा था.
मामले के अनुसार, मंगलवार को प्रेरणा ने किरण को दक्षिण बेंगलुरु के अंजनापुरा स्थित अपने घर बुलाया, जहां उस समय वह अकेली थी. कुछ देर बातचीत के बाद उसने कथित तौर पर किरण की आंखों पर पट्टी बांध दी और उसे कुर्सी से बांध दिया. इस दौरान उसने वीडियो रिकॉर्डिंग भी की.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब युवक ने विरोध किया तो महिला ने उसे बताया कि यह एक “नया स्टाइल का प्रपोज़ल” है, जो विदेशों में चलन में है. इसके बाद उसने पहले से रखे ज्वलनशील पदार्थ से उसे आग के हवाले कर दिया.
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है. जांच के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की है कि युवक की मौत जलने से हुई और यह पूरी वारदात रिश्ते में तनाव और गुस्से के कारण अंजाम दी गई.
बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त डी.एल. नागेश ने बताया कि शुरूआती पूछताछ में सामने आया है कि महिला अपने बॉयफ्रेंड के व्यवहार से परेशान थी और उसे लगता था कि वह उसे नज़रअंदाज़ कर रहा है.
फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना की योजना पहले से बनाई गई थी या यह अचानक लिया गया कदम था.
Source: News Agencies
