By: The Trek News Desk
प्रशांत महासागर में स्थित छोटे से द्वीप किरितिमाती ने सबसे पहले नए साल 2026 में प्रवेश कर लिया है. इसी के साथ यह दुनिया का पहला स्थान बन गया, जहां आधिकारिक रूप से 2026 की शुरुआत हुई.
किरितिमाती, जिसे क्रिसमस आइलैंड के नाम से भी जाना जाता है, प्रशांत महासागर के द्वीपीय देश किरीबाती का हिस्सा है. यह द्वीप हवाई के दक्षिण और ऑस्ट्रेलिया के उत्तर-पूर्व में स्थित है. किरीबाती कई एटोल्स यानी वलयाकार प्रवाल द्वीपों से मिलकर बना है, जो पूर्व से पश्चिम तक लगभग 4,000 किलोमीटर में फैले हुए हैं.
किरीबाती ने वर्ष 1979 में ब्रिटेन से स्वतंत्रता हासिल की थी. यहां दक्षिण प्रशांत क्षेत्र का सबसे बड़ा समुद्री संरक्षित क्षेत्र मौजूद है. देश के कई द्वीपों पर आबादी रहती है, हालांकि अधिकांश द्वीप समुद्र तल से काफी नीचे हैं और जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ते समुद्र स्तर से खतरे में हैं.
करीब 1.16 लाख की आबादी वाला किरीबाती भौगोलिक रूप से हवाई के लगभग सीधे दक्षिण में स्थित होने के बावजूद नया साल दुनिया के अन्य हिस्सों से पूरे एक दिन पहले मनाता है. इसका कारण अंतरराष्ट्रीय तिथि रेखा के पास इसकी विशेष भौगोलिक स्थिति है.
किरितिमाती में नए साल का जश्न शुरू होने के कुछ घंटों बाद किरीबाती के अन्य द्वीपों में भी 2026 का आगमन होगा, जहां लोग पारंपरिक उत्सवों और समारोहों के साथ नए वर्ष का स्वागत करेंगे.
Source: News Agencies
