By: The Trek News Desk
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच हाल ही में हुए युद्धविराम समझौते पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. थाई सेना ने कंबोडिया पर नए सिरे से लागू किए गए सीज़फायर का उल्लंघन करने का गंभीर आरोप लगाया है. यह समझौता कई दिनों तक चली हिंसक झड़पों के बाद हुआ था, जिनकी वजह से लाखों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े थे.
थाई सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि रविवार रात कंबोडिया की ओर से 250 से अधिक मानवरहित हवाई यान (ड्रोन) उड़ते हुए देखे गए. सेना का कहना है कि यह गतिविधि युद्धविराम की भावना और शर्तों के खिलाफ है.
यह युद्धविराम शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 12 बजे लागू हुआ था. समझौते के तहत दोनों देशों ने मौजूदा मोर्चों पर स्थिति को स्थिर रखने, किसी भी तरह की सैन्य बढ़ोतरी न करने और सीमावर्ती इलाकों में रह रहे नागरिकों की जल्द सुरक्षित वापसी की अनुमति देने पर सहमति जताई थी. इस समझौते को चीन और अमेरिका के कूटनीतिक प्रयासों के बाद एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा था.
सोमवार को रॉयल थाई आर्मी ने कहा कि कंबोडिया की कथित गतिविधियां तनाव कम करने के उपायों के विपरीत हैं और सीज़फायर की शर्तों से मेल नहीं खातीं. सेना ने यह भी संकेत दिया कि यदि हालात नहीं सुधरे तो जुलाई से थाईलैंड में हिरासत में रखे गए 18 कंबोडियाई सैनिकों की रिहाई पर पुनर्विचार किया जा सकता है.
थाई सेना ने चेतावनी दी कि यदि समझौतों और राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन जारी रहा, तो देश को ज़रूरी कदम उठाने के लिए मज़बूर होना पड़ेगा. फिलहाल इस मामले पर कंबोडिया की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ ही घंटे पहले चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने इस युद्धविराम को “कठिन परिश्रम से हासिल की गई सफलता” बताया था, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे “तेज़ और निष्पक्ष समाधान” करार दिया था.
गौरतलब है कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद कोई नया नहीं है और इसकी जड़ें एक सदी से भी अधिक पुरानी हैं. इस साल की शुरुआत में विवाद तब फिर भड़क उठा, जब कुछ कंबोडियाई महिलाओं ने एक विवादित मंदिर में देशभक्ति गीत गाए. मई में हुई झड़प में एक कंबोडियाई सैनिक की मौत के बाद दोनों देशों के रिश्ते एक दशक में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए.
सीमा पर पांच दिनों तक चली भीषण लड़ाई में कई सैनिकों और आम नागरिकों की जान गई, जबकि हजारों लोग विस्थापित हो गए. जुलाई में एक अस्थायी युद्धविराम पर सहमति बनी थी, जिसे अक्टूबर में औपचारिक रूप दिया गया, लेकिन इस महीने की शुरुआत में फिर से हिंसा भड़कने के साथ वह समझौता टूट गया. दोनों देश एक-दूसरे पर संघर्षविराम तोड़ने का आरोप लगाते रहे हैं.
Source: News Agencies

DreamJiliCasino feels like a real casino experience, right from my phone! Good selection of games and decent payouts. Give it a shot if you’re feeling lucky! dreamjilicasino