By: The Trek News Desk
ईरान ने एक बार फिर अमेरिका और इसराइल को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसके खिलाफ किसी भी प्रकार की “आक्रामक कार्रवाई” दोबारा शुरू होती है, तो वह तुरंत जवाबी हमला करेगा. यह बयान उस समय सामने आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जारी युद्धविराम को आगे बढ़ाने की घोषणा की, ताकि शांति वार्ता के लिए वक्त मिल सके.
ईरान के सैन्य प्रवक्ता इब्राहिम ज़ोलफाघारी द्वारा जारी बयान में कहा गया कि देश की सशस्त्र सेनाएं पहले से तय लक्ष्यों पर पूरी ताकत के साथ हमला करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने अमेरिका और इसराइल को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी नए हमले की स्थिति में पहले से ज्यादा सख्त जवाब दिया जाएगा.
हालांकि, इस बीच यह साफ नहीं हो पाया है कि प्रस्तावित शांति वार्ता वास्तव में होगी या नहीं. खबरों के मुताबिक, अमेरिका के उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस का पाकिस्तान दौरा भी रद्द कर दिया गया है, क्योंकि ईरान ने वार्ता में शामिल होने की पुष्टि नहीं की थी.

वहीं, ईरान ने युद्धविराम की अवधि बढ़ाने के फैसले पर भी संदेह जताया है. ईरानी संसद के अध्यक्ष और प्रमुख वार्ताकार मोहम्मद बाघेर ग़ालिबाफ के एक सलाहकार ने इसे “समय खरीदने की चाल” करार दिया है. उनका कहना है कि अमेरिका द्वारा ईरानी बंदरगाहों पर जारी नाकाबंदी किसी हमले से कम नहीं है और इसका जवाब सैन्य कार्रवाई से दिया जाना चाहिए.
ईरान के संयुक्त सैन्य कमान ने भी कड़े तेवर दिखाते हुए चेतावनी दी है कि यदि हालात नहीं सुधरे, तो पहले से तय ठिकानों पर “शक्तिशाली हमला” किया जाएगा.
Source: News Agencies
