ईरानी संसद के स्पीकर ने यूरोपीय संघ की सभी सेनाओं को बताया ‘आतंकी संगठन’

By: The Trek News Desk

ईरान ने यूरोपीय संघ के साथ अपने टकराव को और तेज़ करते हुए एक बड़ा राजनीतिक बयान दिया है. ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर क़ालिबाफ ने घोषणा की है कि अब ईरान, यूरोपीय संघ की सभी सेनाओं को “आतंकी संगठन” के रूप में देखेगा.

यह बयान यूरोपीय संघ के उस फैसले के बाद आया है, जिसमें पिछले सप्ताह ईरान की अर्धसैनिक बल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) को आतंकी संगठनों की सूची में शामिल किया गया था. यूरोपीय संघ ने यह कदम देशभर में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों को हिंसक तरीके से दबाने में गार्ड की भूमिका को लेकर उठाया था.

क़ालिबाफ ने कहा कि उनका यह फैसला 2019 में पारित एक ईरानी कानून के तहत लिया गया है. यह कानून उस समय लागू किया गया था, जब अमेरिका ने रिवोल्यूशनरी गार्ड को आतंकी संगठन घोषित किया था. कानून के अनुसार, यदि कोई देश ऐसा कदम उठाता है, तो ईरान उसे जवाबी कार्रवाई के रूप में समान श्रेणी में रख सकता है.

घोषणा के दौरान संसद का माहौल भी प्रतीकात्मक रहा. क़ालिबाफ सहित कई सांसद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड की वर्दी में नज़र आए. उल्लेखनीय है कि क़ालिबाफ स्वयं भी गार्ड के पूर्व कमांडर रह चुके हैं.

इस बीच, क्षेत्र में तनाव कम करने की कोशिशें भी जारी हैं. क़तर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी शनिवार को ईरान पहुंचे. क़तर के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्रीय तनाव को कम करना था.

तेहरान में उन्होंने ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रमुख अली लारीजानी से मुलाकात की और पश्चिम एशिया में शांति व स्थिरता के प्रयासों के लिए क़तर के समर्थन को दोहराया.

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका का नौसैनिक बेड़ा, यूएसएस अब्राहम लिंकन विमानवाहक पोत के नेतृत्व में, ईरान के तट के पास तैनात है. इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर हुई हिंसक कार्रवाई के बाद हस्तक्षेप की चेतावनी दी थी.

Source: News Agencies

3 thoughts on “ईरानी संसद के स्पीकर ने यूरोपीय संघ की सभी सेनाओं को बताया ‘आतंकी संगठन’

1777sz को प्रतिक्रिया दें जवाब रद्द करें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *