सोना-चांदी पर बड़ा फैसला: सरकार ने आयात शुल्क को 15% तक बढ़ाया, महँगे हुए आभूषण

By: The Trek News Desk

देश के विदेशी मुद्रा भंडार और रुपये पर दबाव कम करने के उद्देश्य से सरकार ने सोना और चांदी के आयात शुल्क में बड़ा बदलाव किया है. सरकार ने इन दोनों कीमती धातुओं पर आयात शुल्क को 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया है. यह फैसला बुधवार (13 मई 2026) को जारी आधिकारिक आदेशों में सामने आया.

नए नियमों के तहत अब सोना और चांदी के आयात पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% कृषि अवसंरचना एवं विकास उपकर (AIDC) लगाया जाएगा, जिससे कुल प्रभावी टैक्स 15% हो गया है.

सरकार का मानना है कि इस कदम से विदेशों से होने वाले सोने-चांदी के आयात में कमी आएगी, जिससे देश के व्यापार घाटे को नियंत्रित करने और कमज़ोर हो रहे रुपये को सहारा देने में मदद मिल सकती है. भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोने का उपभोक्ता है और अपनी अधिकांश मांग आयात के ज़रिए पूरी करता है.

हालांकि, उद्योग विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आयात शुल्क बढ़ने से घरेलू बाज़ार में सोने और चांदी की मांग पर असर पड़ सकता है. भारत बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता ने कहा कि कीमतें पहले से ही ऊंची थीं, ऐसे में अतिरिक्त शुल्क से मांग और प्रभावित हो सकती है.

विशेषज्ञों ने यह भी आशंका जताई है कि आयात शुल्क में बढ़ोतरी से तस्करी (स्मगलिंग) की गतिविधियां फिर से बढ़ सकती हैं, जो पिछले सालों में टैक्स कम होने के बाद कुछ हद तक नियंत्रित हो गई थीं.

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से एक साल तक सोने की खरीद कम करने की अपील की थी, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव को कम किया जा सके और आर्थिक स्थिरता को मज़बूत किया जा सके.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *