युद्ध के बीच ऊर्जा संकट: पीएम मोदी ने घटाया काफिला, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर ज़ोर

By: The Trek News Desk

वैश्विक ऊर्जा संकट और ईरान युद्ध के चलते बढ़ती तेल कीमतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन बचत को लेकर बड़ा कदम उठाया है. प्रधानमंत्री ने अपने सुरक्षा काफिले में शामिल वाहनों की संख्या कम करने का फैसला किया है. साथ ही उन्होंने जहां संभव हो, काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं.

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के हालिया गुजरात और असम दौरों के दौरान उनके काफिले में वाहनों की संख्या पहले के मुकाबले कम रखी गई. हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी न हो, इसके लिए एसपीजी प्रोटोकॉल के ज़रूरी प्रावधानों का पूरी तरह पालन किया गया.

बताया जा रहा है कि हैदराबाद में दिए गए संबोधन के तुरंत बाद इस फैसले को लागू किया गया. प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि नए वाहन खरीदने के बजाय मौजूदा संसाधनों के भीतर ही इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया जाए.

रविवार को देशवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने लोगों से पेट्रोल और डीज़ल की खपत कम करने की अपील की थी. उन्होंने नागरिकों को अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और अनावश्यक ईंधन खर्च से बचने की सलाह दी.

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने लोगों से अगले एक वर्ष तक सोने की खरीदारी कम करने का भी आग्रह किया. उनका कहना था कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में देश को आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है.

ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, जिसका असर भारत समेत कई देशों की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है. ऐसे में सरकार ईंधन बचत और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने पर बात कर रही है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *