By: The Trek News Desk
तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. लगभग छह दशकों तक डीएमके और एआईएडीएमके के बीच सत्ता बदलने की परंपरा अब टूट गई है. तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली.
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने शनिवार को विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त करने का फैसला लिया, जब उन्होंने 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 विधायकों का समर्थन प्रस्तुत किया. शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में सुबह 10 बजे आयोजित हुआ विजय के साथ नौ अन्य ने भी मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली.
TVK को सरकार बनाने के लिए कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML का समर्थन मिला है. कांग्रेस के पांच विधायक, जबकि CPI, CPI(M), VCK और IUML के दो-दो विधायकों ने विजय के नेतृत्व को समर्थन दिया. इसी समर्थन के साथ TVK का आंकड़ा 120 तक पहुंच गया और आज सरकार गठन हो गया.
पिछले कुछ दिनों से तमिलनाडु में राजनीतिक असमंजस बना हुआ था, लेकिन शनिवार शाम VCK और IUML के समर्थन के बाद स्थिति साफ हो गई. इसके बाद विजय ने चेन्नई स्थित लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात कर सहयोगी दलों के समर्थन पत्र सौंपे.
राज्यपाल ने विजय को 13 मई तक विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है. ऐसे में नई सरकार के लिए शुरुआती चुनौती सदन में बहुमत साबित करना होगी.
फिल्म जगत से राजनीति में आए विजय की यह जीत राज्य की राजनीति में नए अध्याय के रूप में देखी जा रही है. लंबे समय से द्रविड़ राजनीति के दो प्रमुख दलों के प्रभुत्व वाले तमिलनाडु में अब TVK के नेतृत्व में नई राजनीतिक दिशा बनने की उम्मीद जताई जा रही है.
Source: News Agencies
