By: The Trek News Desk
ब्रिटेन के सम्राट किंग चार्ल्स तृतीय और महारानी कैमीलिया चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर अमेरिका पहुंच चुके हैं. यह दौरा वर्ष 2007 में महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय की यात्रा के बाद पहला शाही दौरा माना जा रहा है.
शाही दंपति मैरीलैंड स्थित एंड्रयूज़ मिलिट्री एयरबेस पर उतरे, जहां से उन्हें व्हाइट हाउस ले जाया गया. वहां उनका स्वागत अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने किया. हाल ही में वॉशिंगटन में हुए गोलीबारी की घटना के बाद पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.
मंगलवार को किंग चार्ल्स अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करेंगे. माना जा रहा है कि अपने भाषण में वे हालिया हमले पर संवेदना व्यक्त करेंगे और वैश्विक चुनौतियों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की आवश्यकता पर ज़ोर देंगे.
सूत्रों के अनुसार, किंग अपने संबोधन में यह भी कह सकते हैं कि भले ही वर्तमान समय में अमेरिका और ब्रिटेन के बीच कुछ मतभेद हों, लेकिन दोनों देशों ने हमेशा मिलकर रास्ता निकाला है. उनका भाषण दोनों देशों के संबंधों में “सुलह और नई शुरुआत” की अपील करेगा.
इसके अलावा, वे सहिष्णुता, स्वतंत्रता और समानता जैसे साझा मूल्यों को मज़बूत करने की बात करेंगे. साथ ही, नाटो के समर्थन और युक्रेन की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी सहयोग बढ़ाने की अपील करने की संभावना है.
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई चुनौतियां सामने हैं, और ऐसे में अमेरिका-ब्रिटेन साझेदारी को और मज़बूत करने पर ख़ास ध्यान दिया जा रहा है.
Source: News Agencies
