ईरान के सर्वोच्च नेता गंभीर रूप से घायल, पैर का कई बार हुआ ऑपरेशन, चेहरा भी हुआ ख़राब

By: The Trek News Desk

ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई को लेकर एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें दावा किया गया है कि वह गंभीर रूप से घायल हैं और सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ रहे हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा खाम़ेनेई को युद्ध की शुरुआत में हुए अमेरिका-इसराइल हमलों के दौरान गंभीर चोटें आई थीं. कहा जा रहा है कि उनकी स्थिति काफी नाज़ुक रही, जिसमें कई सर्जरी भी करनी पड़ीं.

जानकारी के मुताबिक, उनके पैर का तीन बार ऑपरेशन किया गया और भविष्य में उन्हें कृत्रिम अंग (प्रोस्थेटिक) लगाने की ज़रूरत हो सकती है. इसके अलावा उनके एक हाथ की सर्जरी भी हुई है, जिसकी कार्यक्षमता धीरे-धीरे लौट रही है. उनके चेहरे और होंठों पर गंभीर जलन के निशान बताए गए हैं, जिससे उन्हें बोलने में भी कठिनाई हो रही है. जिसके चलते भविष्य में प्लास्टिक सर्जरी की भी संभावना है.

हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उनकी मानसिक स्थिति स्थिर है और वे पूरी तरह होश में हैं. लेकिन वे फिलहाल सार्वजनिक रूप से कोई ऑडियो या वीडियो संदेश जारी नहीं कर रहे, ताकि उनकी कमज़ोरी सामने न आए. अब तक उनकी ओर से केवल लिखित संदेश ही जारी किए गए हैं.

बताया गया है कि वे बेहद गोपनीय स्थान पर छिपकर रह रहे हैं, जहां उनकी सुरक्षा बेहद कड़ी है और पहुंच सीमित रखी गई है. सुरक्षा कारणों से वरिष्ठ सैन्य और सरकारी अधिकारी भी उनसे सीधे मुलाकात नहीं करते, ताकि उनकी सुरक्षित जगह का पता इसराइल को न चल सके.

रिपोर्ट के अनुसार, ख़ामेनेई अन्य नेताओं से केवल ख़तों के ज़रिए संपर्क करते हैं, जिन्हें विश्वसनीय दूतों के माध्यम से भेजा जाता है. उनके आसपास मुख्य रूप से डॉक्टरों और मेडिकल टीम का ही समूह मौजूद है, जो लगातार इलाज में जुटा है.

यह भी बताया गया है कि ईरान के स्वास्थ्य मंत्री और ईरानी राष्ट्रपति जो खुद भी एक हृदय रोग विशेषज्ञ है उनकी देखभाल में शामिल हैं. साथ ही मौजूदा स्थिति के कारण उन्होंने कुछ अहम फैसले लेने का अधिकार फिलहाल सैन्य कमांडरों को सौंप दिया है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *