By: The Trek News Desk
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच बुधवार को दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास दो ड्रोन गिरने की घटना सामने आई. इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है.
दुबई के मीडिया कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि थोड़ी देर पहले एयरपोर्ट के आसपास दो ड्रोन गिरने की पुष्टि हुई है. हालांकि अधिकारियों के अनुसार, इस घटना के बावजूद एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी है.
प्रशासन के मुताबिक इस घटना में दो घानाई नागरिकों और एक बांग्लादेशी नागरिक को हल्की चोटें आई हैं, जबकि एक भारतीय नागरिक को मध्यम स्तर की चोट लगी है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान से जुड़े संकट के चलते पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. इस क्षेत्र में जारी संघर्ष ने वैश्विक हवाई यातायात पर भी बड़ा असर डाला है.
बताया जा रहा है कि अमेरिका और इसराइल के साथ बढ़ते तनाव के कारण कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं. मिसाइल और ड्रोन हमलों की आशंका के कारण क़तर सहित पश्चिम एशिया के कई हिस्सों में विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं.
इस संकट के चलते दुनिया भर की एयरलाइनों को कई उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं या उनके मार्ग बदलने पड़े हैं. साथ ही ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर पड़ा है, जिससे वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.
संयुक्त अरब अमीरात की प्रमुख एयरलाइंस एमिरेट्स और एतिहाद एयरवेज ने 28 फरवरी से शुरू हुए संकट के बाद कुछ उड़ानों को फिर से शुरू किया है, लेकिन वे अभी भी अपनी पूरी क्षमता से कम संचालन कर रही हैं.
गौरतलब है कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट दुनिया के सबसे व्यस्त अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में से एक है. पिछले वर्ष इस एयरपोर्ट से लगभग 10 करोड़ यात्रियों ने सफर किया था.
Source: News Agencies
