By: The Trek News Desk
सोमवार को हफ्ते की शुरुआत भारतीय शेयर बाज़ार के लिए कमज़ोर रही. वैश्विक बाज़ारों में बिकवाली और कच्चे तेल की कीमतों में तेज़ बढ़ोतरी के कारण निवेशकों का भरोसा डगमगा गया, जिससे शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेज़ गिरावट दर्ज की गई.
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2,345.89 अंक गिरकर 76,573.01 पर पहुंच गया. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 भी 708.75 अंकों की गिरावट के साथ 23,741.70 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया.
बाजार में कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में भारी दबाव देखा गया. इंटरग्लोब एविएशन के शेयर करीब 8 प्रतिशत तक टूट गए. इसके अलावा टाटा स्टील, मारुति सुज़ुकी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एशियन पेंट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई.

विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में अचानक आई तेज़ी ने बाज़ार की धारणा को और कमज़ोर किया है. ब्रेंट क्रूड की कीमत लगभग 23.63 प्रतिशत बढ़कर 114.59 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ गई.
एशिया के प्रमुख शेयर बाज़ारों में भी सोमवार को बड़ी गिरावट देखी गई. दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 7 प्रतिशत से अधिक टूट गया, जबकि जापान का निक्केई 225 करीब 6.5 प्रतिशत गिर गया. इसके अलावा चीन का एसएसई कंपोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स भी लाल निशान में कारोबार करते नज़र आए.
Source: News Agencies
