स्पीकर ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर आज हो सकता है संसद में पार्टियों का टकराव

By: The Trek News Desk

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार (9 मार्च 2026) से शुरू हो रहा है और इसके हंगामेदार रहने की संभावना जताई जा रही है. सत्र के पहले ही दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा होने वाली है, जिससे राजनीतिक माहौल गरमाने की उम्मीद है.

यह प्रस्ताव कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद, के. सुरेश और मल्लू रवि के नाम पर सूचीबद्ध किया गया है. बताया जा रहा है कि इस प्रस्ताव को विपक्ष के 118 सांसदों का समर्थन प्राप्त है.

इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता नहीं करेंगे. चूंकि इस समय लोकसभा में उपाध्यक्ष का पद भी खाली है, इसलिए पीठासीन अधिकारियों की समिति के सबसे वरिष्ठ सदस्य को कार्यवाही की जिम्मेदारी दी जा सकती है. माना जा रहा है कि यह जिम्मेदारी भाजपा सांसद जगदंबिका पाल संभाल सकते हैं.

इसी बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी सोमवार को लोकसभा में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की स्थिति पर बयान देंगे. हाल के दिनों में विपक्षी दलों और कई पूर्व भारतीय राजनयिकों ने इस मुद्दे पर सरकार की कथित चुप्पी की आलोचना की थी.

रविवार (8 मार्च) शाम को लोकसभा की कार्यसूची में “पश्चिम एशिया की स्थिति” विषय पर विदेश मंत्री के बयान को शामिल किया गया था. जानकारी के अनुसार, जयशंकर का बयान लोकसभा में स्पीकर के खिलाफ विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होने से ठीक पहले दिया जा सकता है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *