By: The Trek News Desk
मध्य-पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि वह हालिया हमलों के बाद “समझदारी से काम ले और किसी भी तरह के गलत आकलन से बचे.”
शनिवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख से मुलाकात के बाद प्रिंस खालिद बिन सलमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा की. उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान सऊदी अरब पर हुए ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों के मुद्दे पर चर्चा की गई. साथ ही इन हमलों को रोकने के लिए ज़रूरी कदमों पर भी विचार किया गया.
रक्षा मंत्री ने कहा कि इस तरह की सैन्य गतिविधियां पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा पैदा करती हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान स्थिति की गंभीरता को समझते हुए संयम बरतेगा और तनाव को और नहीं बढ़ाएगा.
इसी बीच खाड़ी क्षेत्र में भी तनाव बढ़ने की ख़बरें सामने आई हैं. शनिवार को दुबई और बहरीन की राजधानी मनामा में विस्फोट जैसी आवाजें सुनीं. रिपोर्ट के मुताबिक दुबई में दो और मनामा में एक धमाके की आवाज़ सुनाई दी.
मनामा में सायरन भी बजाया गया, जिसके बाद बहरीन के गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया के ज़रिए लोगों से शांत रहने और नज़दीकी सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की.
इसी दौरान यरुशलम में भी मिसाइल हमले की चेतावनी के बाद एक विस्फोट की आवाज़ सुनाई देने की जानकारी सामने आई है. हवाई हमले के सायरन बजने के बाद इसरायली सेना ने बताया कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली संभावित खतरे को रोकने के लिए सक्रिय हो गई थी.
बाद में सेना ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए ‘ऑल-क्लियर’ जारी कर दिया.
विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया घटनाओं के चलते खाड़ी क्षेत्र और पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई है. यदि दोनों पक्षों के बीच तनाव कम नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में क्षेत्रीय स्थिरता पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है.
Source: News Agencies
