By: The Trek News Desk
असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का एक सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार दो पायलटों की मौत हो गई. यह हादसा गुरुवार (5 मार्च 2026) को प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ था.
भारतीय वायुसेना (IAF) के अनुसार यह दो-सीटर लड़ाकू विमान कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में जॉरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर गिर गया. दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन दोनों पायलटों को बचाया नहीं जा सका.
वायुसेना ने शुक्रवार (6 मार्च 2026) को पुष्टि करते हुए बताया कि स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर ने इस दुर्घटना में गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया. वायुसेना ने अपने आधिकारिक बयान में दोनों अधिकारियों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरी वायुसेना शोक में डूबे परिवारों के साथ खड़ी है.
सुखोई-30 एमकेआई एक लंबी दूरी का बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है, जिसे रूस की कंपनी सुखोई ने विकसित किया है. इस विमान का निर्माण भारत में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा लाइसेंस के तहत किया जाता है. भारतीय वायुसेना के बेड़े में वर्तमान में 260 से अधिक सुखोई-30 एमकेआई विमान शामिल हैं.
हाल के वर्षों में इस प्रकार की कुछ अन्य घटनाएँ भी सामने आई हैं. जून 2024 में महाराष्ट्र के नासिक जिले में भी एक सुखोई लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. वहीं जनवरी 2023 में ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरने के बाद एक अन्य सुखोई-30 विमान भी हादसे का शिकार हुआ था.
फिलहाल इस ताज़ा हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है.
Source: News Agencies
