By: The Trek News Desk
अमेरिका के पूर्वी तट पर लगभग एक दशक का सबसे भीषण बर्फीला तूफान दस्तक दे चुका है. रविवार से शुरू हुआ यह तूफान सोमवार दोपहर तक जारी रहने की आशंका है. हालात को देखते हुए न्यूयॉर्क सिटी में अधिकांश यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, जबकि पूरे देश में हज़ारों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.
करीब 4 करोड़ लोग ब्लिज़ार्ड चेतावनी के दायरे में हैं, जिनमें न्यूयॉर्क सिटी, बोस्टन, फिलाडेल्फिया और लॉन्ग आइलैंड जैसे क्षेत्र शामिल हैं. इसके अलावा लगभग 1.9 करोड़ लोग विंटर स्टॉर्म चेतावनी का सामना कर रहे हैं.
नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और कनेक्टिकट सहित कई राज्यों में आपातकाल घोषित किया गया है. कुछ इलाकों में 18 से 24 इंच तक बर्फबारी की संभावना जताई गई है. सोमवार तड़के तक उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कई इंच बर्फ जम चुकी थी, जबकि न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के कुछ हिस्सों में 10 इंच तक बर्फ दर्ज की गई.
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने रविवार रात 9 बजे से सोमवार दोपहर तक ट्रैवल बैन लागू करने की घोषणा की. इस दौरान केवल आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही सड़कों और पुलों पर चलने की अनुमति है. शहर के सभी स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे. यह प्रतिबंध ई-बाइकों पर भी लागू है, जिनका उपयोग आमतौर पर फूड डिलीवरी के लिए किया जाता है.
मेयर ने नागरिकों से अपील की है कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और घरों में ही सुरक्षित रहें. न्यूयॉर्क सिटी में नौ साल बाद पहली बार ब्लिज़ार्ड चेतावनी जारी की गई है. इससे पहले मार्च 2017 में ऐसी चेतावनी दी गई थी.
इस बीच, फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, सोमवार तक अमेरिका के भीतर, आने-जाने वाली 5,000 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं. सुबह 8:45 जीएमटी तक 5,326 उड़ानों के रद्द होने की पुष्टि हुई. हवाई अड्डों ने यात्रियों को एयरपोर्ट आने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति संबंधित एयरलाइन से जांचने की सलाह दी है.
ब्लिज़ार्ड वह स्थिति होती है जब भारी बर्फबारी के साथ 35 मील प्रति घंटे (56 किमी/घंटा) से अधिक रफ्तार की हवाएं चलती हैं, जिससे दृश्यता एक चौथाई मील से भी कम रह जाती है और यह स्थिति कम से कम तीन घंटे तक बनी रहती है.
गौरतलब है कि यह इस साल न्यूयॉर्क को प्रभावित करने वाला दूसरा बड़ा शीतकालीन तूफान है. जनवरी में आए एक अन्य ठंडे तूफान के दौरान 19 लोगों की मौत हुई थी. हालांकि उस समय तेज हवाएं न होने के कारण उसे ब्लिज़ार्ड की श्रेणी में नहीं रखा गया था.
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा तूफान के चलते यातायात, हवाई सेवाओं और दैनिक जीवन पर व्यापक असर पड़ सकता है, और स्थिति सामान्य होने में कुछ दिन लग सकते हैं.
Source: News Agencies
