By: The Trek News Desk
ईरान में दोबारा भड़के सरकार-विरोधी प्रदर्शनों के बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह दी है. दूतावास ने सोमवार को जारी एडवाइज़री में कहा कि छात्र, तीर्थयात्री, व्यवसायी और पर्यटक उपलब्ध वाणिज्यिक उड़ानों सहित अन्य साधनों से जल्द से जल्द ईरान से बाहर निकल जाएं.
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पासपोर्ट, वीज़ा और अन्य यात्रा एवं पहचान संबंधी दस्तावेज़ हमेशा अपने साथ रखें. किसी भी प्रकार की मदद के लिए भारतीय दूतावास से तुरंत संपर्क करने को कहा गया है.
यह सलाह विदेश मंत्रालय (MEA) और तेहरान स्थित भारतीय मिशन द्वारा जनवरी 2026 में जारी पूर्व चेतावनियों के बाद आई है. 5 जनवरी 2026 को विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को गैर-आवश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी थी, जब देश के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन तेज़ हो गए थे.
हाल के दिनों में ईरान के कई विश्वविद्यालयों में छात्रों द्वारा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए गए, जो कई स्थानों पर झड़पों में बदल गए. इसके साथ ही, ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु समझौते को लेकर जारी तनाव के बीच क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों में भी बढ़ोतरी की ख़बरें हैं. ईरान ने चेतावनी दी है कि किसी भी संभावित हमले की स्थिति में वह पश्चिम एशिया में अमेरिकी अड्डों को निशाना बना सकता है. हालांकि, ईरानी अधिकारी 26 फरवरी 2026 को प्रस्तावित वार्ता में प्रगति की उम्मीद जता रहे हैं.
नई एडवाइज़री में यह भी दोहराया गया है कि सभी भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग (PIOs) विशेष सतर्कता बरतें, प्रदर्शन और भीड़-भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें, स्थानीय मीडिया पर नज़र रखें और दूतावास के संपर्क में बने रहें.
आपात स्थिति में भारतीय दूतावास ने निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
+989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359
ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in
दूतावास ने आश्वस्त किया है कि वह हालात पर लगातार नज़र रखे हुए है और भारतीय समुदाय की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है.
Source: News Agencies
