By: The Trek News Desk
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज करते हुए 61 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने कोलंबो में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में दमदार प्रदर्शन किया.
भारत द्वारा दिए गए 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में नज़र आई. पारी के पहले ही ओवर में हार्दिक पंडया ने साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया. इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर में सैम अयूब (6) और सलमान अली आगा (4) को आउट कर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी.
महज़ 13 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक समय 34/4 हो गया, जिससे टीम उबर नहीं सकी. उस्मान खान ने 44 रन बनाकर संघर्ष ज़रूर किया, जबकि शाहीन शाह अफरीदी 23 रन बनाकर नाबाद रहे. शादाब खान ने 14 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके.
भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए लगातार दबाव बनाए रखा और पाकिस्तान की पारी को लक्ष्य से काफी दूर रोक दिया. इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मज़बूत कर ली है और खिताब की दावेदारी को और पुख्ता किया है.
भारत-पाकिस्तान मुकाबले में एक बार फिर टीम इंडिया ने दबदबा साबित करते हुए प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दिया.
Source: News Agencies
