स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर, कम से कम 21 लोगों की मौत

By: The Trek News Desk

स्पेन के दक्षिणी हिस्से में हाई-स्पीड ट्रेनों से जुड़े एक भीषण हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 30 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि रात भर राहत एवं बचाव कार्य के दौरान मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.

यह दर्दनाक दुर्घटना कोर्डोबा शहर के पास आदामुज़ (Adamuz) कस्बे के नज़दीक हुई. स्पेन के रेल नेटवर्क संचालक एडिफ (Adif) के अनुसार, मलागा से मैड्रिड जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन पटरी से उतरकर दूसरी लाइन पर चली गई, जहां उसकी आमने-सामने से टक्कर मैड्रिड से हुएलवा जा रही दूसरी ट्रेन से हो गई.

अंदालूसिया की आपातकालीन सेवाओं के मुताबिक, इस टक्कर में कुल 73 लोग घायल हुए हैं. स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने कहा कि यह हादसा “बेहद अजीब” है, क्योंकि ट्रेन एक सीधी पटरी पर पटरी से उतरी, जिसे पिछले साल मई में ही नवीनीकरण किया गया था.

हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने में कम से कम एक महीने का समय लग सकता है.

स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने इस त्रासदी को देश के लिए “गहरे दर्द की रात” बताया. वहीं, मलागा से मैड्रिड जाने वाली ट्रेन का संचालन करने वाली निजी रेल कंपनी इरियो (Iryo) ने बताया कि ट्रेन में करीब 300 यात्री सवार थे. दूसरी ट्रेन, जिसका संचालन सरकारी रेल कंपनी रेनफे (Renfe) कर रही थी, में लगभग 100 यात्री मौजूद थे.

आदमुज़ के मेयर राफेल मोरेनो, जो सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे, ने मंज़र को “एक भयानक सपने जैसा” बताया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अंदालूसिया की आपात एजेंसी ने हादसे में बचे यात्रियों से अपील की कि वे अपने सुरक्षित होने की जानकारी साझा करें, ताकि परिजनों की चिंता कम हो सके.

बुरी तरह मुड़ी हुई बोगियों के कारण बचाव कार्य में भारी मुश्किलें आईं. कोर्डोबा के फायर चीफ फ्रांसिस्को कार्मोना ने बताया कि कई बार घायलों तक पहुंचने के लिए शवों को हटाना पड़ा, जिससे काम बेहद चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक रूप से कठिन हो गया.

एडिफ के अनुसार, हादसा ट्रेन के मलागा से शाम 6:40 बजे (स्थानीय समय) रवाना होने के करीब दस मिनट बाद हुआ. प्रभावित यात्रियों और पीड़ित परिवारों के लिए मैड्रिड के अतोचा, सेविल, कोर्डोबा, मलागा और हुएलवा स्टेशनों पर विशेष सहायता केंद्र बनाए गए हैं.

दुर्घटना के बाद मैड्रिड और अंदालूसिया के बीच सभी रेल सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं, जो सोमवार तक बंद रहेंगी. यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों को रात भर खुला रखा गया.

हादसे में शामिल ट्रेन का मॉडल फ्रेचिया 1000 बताया गया है, जो 400 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है. इटली की रेल कंपनी फेरोवीए डेलो स्टेटो के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की.

स्पेनिश रेड क्रॉस ने घटनास्थल पर आपातकालीन सहायता के साथ-साथ पीड़ित परिवारों के लिए काउंसलिंग सेवाएं भी शुरू की हैं. रेड क्रॉस के प्रतिनिधि मिगुएल एंजेल रोड्रिगेज ने कहा कि जानकारी की कमी के कारण परिवार गहरी बेचैनी में हैं.

स्पेन के राजा और रानी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और यूरोपीय आयोग की प्रमुख उर्सुला फॉन डेर लेयेन ने भी शोक संदेश जारी कर स्पेन के साथ एकजुटता जताई है.

गौरतलब है कि वर्ष 2013 में गैलिसिया क्षेत्र में हुए एक हाई-स्पीड ट्रेन हादसे में 80 लोगों की जान गई थी, जिसे स्पेन के इतिहास का सबसे बड़ा रेल हादसा माना जाता है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *