फिलीपींस में कूड़े के विशाल ढेर के ध्वस्त होने से एक की मौत, 30 से अधिक लोग लापता

By: The Trek News Desk

फिलीपींस के मध्य क्षेत्र में स्थित सेबू सिटी के बिनालिव लैंडफिल में गुरुवार को कूड़े का एक विशाल पहाड़ अचानक ढह गया. इस हादसे में 22 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, राहत दलों ने मलबे से 12 घायल सफाईकर्मियों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया है. लापता लोगों में बड़ी संख्या में लैंडफिल में काम करने वाले मज़दूर शामिल हैं.

सेबू सिटी के मेयर ने स्थानीय मीडिया को बताया कि मलबे की स्थिति बेहद अस्थिर है, जिससे बचाव कार्य में खतरा बना हुआ है. उन्होंने कहा कि यदि ऊपर से मलबा हटाया गया तो नीचे की नरम परत और खिसक सकती है, जिससे फंसे लोगों की जान को और खतरा हो सकता है.

हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, स्थानीय नेता ने संकेत दिया कि यह दुर्घटना कचरा प्रबंधन में गंभीर लापरवाही का नतीजा हो सकती है. उन्होंने बताया कि लैंडफिल में मिट्टी की खुदाई कर कचरे के नए ढेर बनाए जा रहे थे, जिससे संरचना अस्थिर हो गई.

करीब 300 कर्मियों को विभिन्न सरकारी एजेंसियों और स्वयंसेवी संगठनों से राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैनात किया गया है. मौके पर भारी मशीनें, एंबुलेंस और दमकल वाहन मौजूद हैं.

मेयर ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि सभी बचाव दल लापता लोगों की तलाश और मलबा हटाने के काम में जुटे हुए हैं.

इस बीच, हादसे में फंसे लोगों के परिजन लैंडफिल स्थल पर अपने प्रियजनों की खबर का इंतज़ार कर रहे हैं. कुछ परिजनों का कहना है कि मलबे के भीतर से मदद की आवाज़ें सुनाई दे रही हैं, जिससे उम्मीद बनी हुई है कि कुछ लोग अब भी ज़िंदा हो सकते हैं.

बिनालिव लैंडफिल लगभग 15 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है. फिलीपींस के बड़े शहरों में ऐसे खुले कचरा स्थल आम हैं, जहां बढ़ती आबादी और कचरा प्रबंधन की चुनौतियां लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *