स्वर्गीय अजय मित्तल की प्रथम पुण्यतिथि पर पत्रकारिता विभाग में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित

By: प्रेरणा भारती

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में बुधवार को प्रसिद्ध पत्रकार, लेखक एवं वक्ता स्वर्गीय श्री अजय मित्तल की प्रथम पुण्यतिथि पर एक भावपूर्ण पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके जीवन और योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए.

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के निदेशक प्रोफेसर प्रशांत कुमार ने की. श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्होंने कहा, “अजय मित्तल जी सरल, सहज और ज्ञान की गंगा थे. वे चलती-फिरती लाइब्रेरी थे. उनका व्यक्तित्व संगठन, सेवा और संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण था.”

वक्ताओं ने मित्तल जी को हजारों कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक, अभिभावक, सांगठनिक कौशल के धनी, कलम के सच्चे सिपाही, मिनी गूगल और एनसाइक्लोपीडिया के रूप में याद किया. उनकी लेखनी और उद्बोधन कला से सब मंत्रमुग्ध हो जाते थे. अजय मित्तल का जन्म 3 फरवरी 1952 को मेरठ में हुआ था. उन्होंने एम.एस.सी. (भौतिकी) मेरठ कॉलेज से पूरी की. रामानंद सागर की रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले वर्तमान सांसद अरुण गोविल उनके सहपाठी थे.

मित्तल जी ‘राष्ट्रदेव’ पत्रिका के सम्पादक रहे और प्रज्ञा प्रवाह के क्षेत्र संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वर्ष 2015 से वे तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में अतिथि आचार्य के रूप में शिक्षण से जुड़े. उनके लगभग 15,000 से अधिक लेख व पत्र राष्ट्रीय समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए. स्वामी विवेकानंद पर उनकी पुस्तक विशेष रूप से लोकप्रिय रही. वे विभिन्न समाचार चैनलों में विषय विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय रहे.

डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा, “अजय मित्तल जी का जीवन सादगी, समर्पण और संस्कार का आदर्श था. उन्होंने पत्रकारिता को समाज परिवर्तन का माध्यम माना और हर शब्द को राष्ट्रहित में साधना का रूप दिया. उनका लेखन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा. वे स्वामी विवेकानंद से बहुत प्रभावित थे और उनके जीवन पर अनेक पुस्तकें लिखीं.”

कार्यक्रम में डॉ. दीपिका वर्मा, लव कुमार, मितेंद्र कुमार गुप्ता, पीयूष गांधी, राकेश कुमार, ज्योति वर्मा, उपेश दीक्षित, निधि शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *