मेरठ कॉलेज में ‘अभिव्यक्ति’ मैगज़ीन का भव्य विमोचन: सृजनशीलता और उपलब्धियों का जीवंत दस्तावेज़

By: प्रेरणा भारती

मेरठ कॉलेज के ऐतिहासिक कमेटी हॉल में मंगलवार दोपहर 1 बजे वर्ष 2023-2025 की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और संस्थागत गतिविधियों को समेटे विशेष मैगज़ीन ‘अभिव्यक्ति’ का भव्य विमोचन हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव श्री विवेक कुमार गर्ग और प्राचार्य प्रो. (डॉ.) युद्धवीर सिंह ने मैगज़ीन का अनावरण किया.

मैगज़ीन की मुख्य संपादक अंग्रेज़ी विभाग की प्रोफेसर अल्पना रस्तोगी रहीं, जिन्होंने संपादकीय बोर्ड के साथ मिलकर इसे उत्कृष्ट रूप दिया. बोर्ड में डॉ. मोनिका भटनागर, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. वाचस्पति मिश्रा, डॉ. आभा अवस्थी, डॉ. निधि सिंह, डॉ. मुकेश सेमवाल, डॉ. के.के. गुप्ता और डॉ. नैंसी शर्मा शामिल रहे.

विशेष बात यह कि ‘अभिव्यक्ति’ हिंदी, अंग्रेज़ी, संस्कृत और उर्दू चार भाषाओं में प्रकाशित हुई है, जो इसे बहुभाषी शैक्षणिक संवाद का अनोखा माध्यम बनाती है. उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई संदेश भेजे. राज्यपाल ने कहा, “यह पत्रिका विद्यार्थियों में साहित्यिक रुचि, सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता को बढ़ावा देगी.”

पत्रिका में कॉलेज के ऐतिहासिक अतीत का चित्रात्मक वर्णन है, जिसमें 1892 में केसरगंज मंडी स्थित मूल भवन और प्राचीन शिलालेख शामिल हैं. पिछले दो वर्षों की विश्वविद्यालय स्तर की उपलब्धियां, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल सफलताएं, सैकड़ों आयोजनों की मीडिया कवरेज और 29 समितियों के कार्यों का विस्तृत उल्लेख किया गया है.

विमोचन पर सचिव श्री विवेक कुमार गर्ग ने कहा, “अभिव्यक्ति सिर्फ पत्रिका नहीं, बल्कि कॉलेज की सृजनशील ऊर्जा, उपलब्धियों और सांस्कृतिक मूल्यों का जीवंत दस्तावेज़ है. यह विद्यार्थियों की पहचान और संस्थान के गौरव का प्रतिबिंब है.”

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) युद्धवीर सिंह बोले, “यह हमारे शैक्षणिक वातावरण का परिचायक है, जो ज्ञान के साथ व्यक्तित्व, चिंतन और नेतृत्व प्रदान करता है.”

प्रबंध समिति अध्यक्ष डॉ. ओ.पी. अग्रवाल और सचिव श्री गर्ग ने मुख्य संपादक व बोर्ड को शुभकामनाएं दीं. ‘अभिव्यक्ति’ मेरठ कॉलेज की गौरवमयी यात्रा का प्रेरणादायी दस्तावेज बन गई है.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *