कमर की चोट के कारण पैट कमिंस एशेज के पहले टेस्ट से बाहर, कोच ने दूसरे मैच में वापसी की उम्मीद जताई

By: The Trek News Desk

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और तेज़ गेंदबाज़ पैट कमिंस आगामी एशेज़ सीरीज़ के पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को पुष्टि की कि पर्थ में 21 नवंबर से शुरू होने वाले मुकाबले में कमिंस फिट नहीं हो पाएंगे और उनकी जगह स्टीव स्मिथ टीम की कप्तानी करेंगे. कमिंस जुलाई से लोअर बैक (कमर) की चोट से उबर रहे हैं और टीम के साथ सक्रिय प्रशिक्षण से दूर हैं.

दूसरे टेस्ट में वापसी की संभावना

टीम के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने बताया कि कमिंस अब धीरे-धीरे रनिंग शुरू कर चुके हैं और इस हफ्ते से गेंदबाज़ी भी शुरू करने वाले हैं.
उन्होंने कहा, “उन्हें पूरी तरह तैयार होने में लगभग चार हफ्ते लगते हैं, और हमारे पास समय कम है. लेकिन हम दूसरे टेस्ट के लिए काफी आशावादी हैं.”

दूसरा टेस्ट 4 दिसंबर से ब्रिसबेन में डे-नाइट फॉर्मेट में खेला जाएगा.

कमिंस की गैरमौजूदगी में बॉलैंड को मौका

कमिंस 2017-18 की एशेज़ सीरीज़ से अब तक हर सीरीज़ में ऑस्ट्रेलिया के लिए मुख्य भूमिका निभा चुके हैं और टीम को एशेज़ ट्रॉफी बनाए रखने में अहम योगदान दिया है.

मैकडॉनल्ड ने माना कि पहले टेस्ट में कप्तान और मुख्य तेज़ गेंदबाज़ का न होना “आदर्श स्थिति नहीं” है, लेकिन उन्होंने कहा कि टीम ने पहले से ही विकल्पों पर काम कर लिया था.

ऐसे में अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ स्कॉट बॉलैंड के पर्थ टेस्ट में खेलने की लगभग पूरी संभावना है. वह जोश हेज़लवुड और मिचेल स्टार्क के साथ तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण का हिस्सा होंगे.

36 वर्षीय बॉलैंड ने अब तक खेले गए 14 टेस्ट मैचों में 62 विकेट लिए हैं, वह भी शानदार 16.53 की औसत से.

“जब आप बॉलैंड को संभावित रिप्लेसमेंट के रूप में देखते हैं, तो यह कोई बुरी स्थिति नहीं है,” कोच ने कहा. “और जब कमिंस पूरी फिटनेस के साथ वापस आएंगे, तो यह टीम के लिए जबरदस्त ऊर्जा लेकर आएगा.”

स्मिथ फिर से कप्तान, पुरानी साझेदारी पर भरोसा

2018 के बॉल-टैंपरिंग विवाद के बाद स्टीव स्मिथ को कप्तानी से हटाया गया था.
हालाँकि, कमिंस की अनुपस्थिति में उन्होंने पिछले कुछ मौकों पर टीम की सफलतापूर्वक कमान संभाली है.

मैकडॉनल्ड ने कहा, “हम अब स्टीव स्मिथ की कप्तानी में जाएंगे, और यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि उनके पास बेहतरीन अनुभव है. दोनों (कमिंस और स्मिथ) एक-दूसरे को बहुत अच्छे से समझते हैं. कमिंस भी टीम के साथ पर्थ जाएंगे.”

मिच मार्श की टेस्ट टीम में वापसी संभव

कोच मैकडॉनल्ड ने यह भी संकेत दिया कि ऑलराउंडर मिच मार्श को टेस्ट टीम में फिर से मौका मिल सकता है.
उन्होंने कहा, “अगर हमें लगे कि सफेद गेंद क्रिकेट से किसी खिलाड़ी को लाना टीम के लिए फायदेमंद रहेगा, तो हम ऐसा करेंगे. मिच मार्श इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं और हमने उनके टेस्ट करियर से उम्मीद नहीं छोड़ी है.”

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *