UNGA में भारत का पाकिस्तान पर पलटवार कहा कि ‘आतंकवाद को महिमामंडित कर रहा है पाकिस्तान’

By: The Trek News Desk

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के बयान पर भारत ने कड़ा जवाब देते हुए कहा है कि पाकिस्तान वैश्विक मंच पर आतंकवाद का महिमामंडन कर रहा है.

 भारत ने पाकिस्तान द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले को लेकर किए गए दावों को सिरे से खारिज कर दिया.

भारत की स्थायी मिशन की प्रथम सचिव पेटल गहलोत ने राइट टू रिप्लाई’ का प्रयोग करते हुए कहा,

“आज सुबह इस सभा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की ओर से एक बार फिर हास्यास्पद नाटक देखा गया, जिन्होंने उस आतंकवाद का महिमामंडन किया जो उनकी विदेश नीति का मुख्य हिस्सा बन चुका है.”

गहलोत ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान न केवल The Resistance Front (TRF) जैसे आतंकी संगठनों को पनाह दे रहा है जिसने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की जान ली, बल्कि इससे पहले भी अल-कायदा और ओसामा बिन लादेन जैसे आतंकियों को पनाह दे चुका है.

ऑपरेशन सिंदूर’ पर भी भारत का जवाब

प्रधानमंत्री शरीफ ने UNGA में दावा किया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान पर भारत ने बिना उकसावे के हमला किया, लेकिन पाकिस्तानी सेना की प्रतिक्रिया को उन्होंने “जीत” करार दिया.

भारत ने इस बयान को गलत ठहराते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल आतंकी शिविरों और ढांचे को निशाना बनाने के लिए किया गया था, जिससे आम नागरिकों को कोई नुकसान नहीं हुआ.

इस पर टिप्पणी करते हुए पेटल गहलोत ने तंज़ करते हुए कहा,

“अगर टूटी हुई रनवे और क्षतिग्रस्त हैंगर को जीत कहा जाता है, तो पाकिस्तान यह जीत रख सकता है.”

उन्होंने आगे बताया कि खुद पाकिस्तान की सेना ने 10 मई को युद्धविराम के लिए अपील की थी, जिससे उसकी मंशा और हालात साफ हो जाते है.

लड़ाकू विमान गिराने के दावों पर भी पलटवार

शरीफ ने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान ने भारत के सात लड़ाकू विमान गिराए. इस पर भारत की वायुसेना ने पलटवार करते हुए कहा कि ये दावे झूठे और भ्रामक हैं. इसके विपरीत, भारत ने पाकिस्तान के पांच लड़ाकू विमानों और एक बड़े एयरबोर्न अर्ली वॉर्निंग एंड कंट्रोल (AEW&C) विमान को मार गिराया था.

भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने पिछले महीने इस ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए इसकी पुष्टि की थी.

भारत ने रखा सख्त रवैया

भारत ने दो टूक शब्दों में कहा कि पाकिस्तान बार-बार अंतरराष्ट्रीय मंचों का दुरुपयोग कर झूठे आरोपों और प्रोपेगेंडा फैलाने की कोशिश करता है, जबकि खुद वह आतंकवाद को बढ़ावा और संरक्षण देने वाला देश बना हुआ है.

भारत का यह स्पष्ट और कड़ा रुख यह दर्शाता है कि वह आतंकवाद, झूठे आरोपों और दुष्प्रचार के खिलाफ वैश्विक मंचों पर भी कोई समझौता नहीं करेगा.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *