दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आज से 12वीं विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की हुई शुरूआत

By: The Trek News Desk

आज से दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 12वीं विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की शुरुआत हो गई.

यह नौ दिन तक चलने वाली चैंपियनशिप 5 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें कुल 186 पदक इवेंट्स होंगे. इन इवेंट्स में 101 पुरुषों के, 84 महिलाओं के और 1 मिश्रित इवेंट शामिल है, जिसमें दौड़ के स्प्रिंट से लेकर एंडयूरैन्स (endurance) रेस तक के मुकाबले होंगे.

आज के आयोजन में भारतीय पैरा-अथलीट दीप्थी जीवांजी ने महिला 400 मीटर T20 इवेंट में पहले स्थान के साथ फाइनल में जगह बनाई. उन्होंने 58.35 सेकेंड का समय लिया, जो उनके इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.

इस इवेंट के हीट 1 में वेनेजुएला की एथलीट लियोनेला कोरोमोटो वीरा कोलिना ने 57.10 सेकेंड के साथ पहला स्थान हासिल किया, जो उनका भी सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था.

इस चैंपियनशिप में 100 से अधिक देशों से एक हजार से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. इस टूर्नामेंट में कई प्रसिद्ध पैरा-अथलीटों की मौजूदगी देखी जाएगी, जिनमें एथानासियस घावेलस, एज़रा फ्रेच, जेम्स टर्नर, कैथरीन डेब्रुनर, फ्लेयर जोंग और माग्डेलेना एंड्रुज़कीविच प्रमुख हैं.

भारत की ओर से 70 से अधिक एथलीट हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें प्रमुख खिलाड़ियों के तौर पर सुमित अंतिल, प्रीति पाल, प्रवीण कुमार, धर्मबीर नैन और नवदीप का नाम लिया जा सकता है.

पैरालंपिक में क्लब थ्रो गोल्ड जीतने वाले धर्मबीर नैन और दो बार की कांस्य पदक विजेता धावक प्रीति पाल चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक होंगे. वहीं, गोल्ड मेडलिस्ट जैवलिन थ्रो सुमित अंतिल इस बार गोल्ड की हैट्रिक बनाने के लिए प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं.

यह चैंपियनशिप न केवल विश्व पैरा एथलेटिक्स का एक प्रमुख आयोजन है, बल्कि यह भारत के लिए भी गौरव का क्षण है, जहाँ हमारे एथलीट अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए तैयार हैं.

भारत में आप इसे दूरदर्शन पर देख सकते हैं.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *