By: The Trek News Desk
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया के दो दिग्गजों, विराट कोहली और रोहित शर्मा को साफ संदेश दे दिया है कि अगर वे वनडे टीम में बने रहना चाहते हैं, तो उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलनी ही होगी.
दोनों खिलाड़ी टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वनडे फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व जारी रखे हुए हैं. बोर्ड का मानना है कि अब जब उनके पास अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के बीच कुछ समय है, तो उन्हें मैच फिटनेस बनाए रखने के लिए घरेलू टूर्नामेंट में उतरना चाहिए.
विजय हजारे ट्रॉफी से वापसी की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, यह नई नीति 24 दिसंबर से शुरू हो रही विजय हजारे ट्रॉफी से लागू हो सकती है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे (3 से 9 दिसंबर) और न्यूजीलैंड सीरीज़ (11 जनवरी से) के बीच यही एक घरेलू वनडे टूर्नामेंट है.
मिली जानकारी के अनुसार, रोहित शर्मा ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) को सूचित किया है कि वे इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे. वहीं, विराट कोहली (जो इन दिनों लंदन में रह रहे हैं) की उपलब्धता को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है.
बीसीसीआई का सख्त रुख
बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी मीडिया को बताया, “हमने दोनों को स्पष्ट कर दिया है कि अब जब वे दो फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं, तो उन्हें घरेलू क्रिकेट के ज़रिए खुद को तैयार रखना होगा. इसी से वे चयन के दायरे में बने रहेंगे.”
चयन समिति के अध्यक्ष अजित आगरकर ने भी हाल ही में दोहराया था कि उपलब्ध खिलाड़ी अगर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं, तो उन्हें घरेलू स्तर पर मैदान में उतरना चाहिए.
पुराने रिकॉर्ड और वर्तमान स्थिति
पिछले सीजन में दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक रणजी मैच खेला था. कोहली ने 12 साल बाद दिल्ली के लिए और रोहित ने 10 साल बाद मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी में हिस्सा लिया था. उस समय रोहित ने कहा था कि लगातार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कारण समय नहीं मिल पाता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है.

2027 विश्व कप की ओर नजर
आगरकर ने कहा कि 2027 विश्व कप अभी काफी दूर है और किसी भी खिलाड़ी पर “ट्रायल” की स्थिति नहीं है. “रोहित और विराट ने जो हासिल किया है, वह भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक है. लेकिन अब आगे बढ़ते हुए हमें देखना होगा कि टीम किस दिशा में जा रही है,” उन्होंने कहा.
अभ्यास और तैयारी
रोहित शर्मा इन दिनों मुंबई के शरद पवार इंडोर अकादमी में नेट्स पर अभ्यास कर रहे हैं और संभव है कि वे सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में भी हिस्सा लें. बोर्ड उम्मीद जता रहा है कि विराट कोहली भी घरेलू क्रिकेट में वापसी करें ताकि दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस और फॉर्म बनी रहे.
Source: News Agencies
