रूस-यूक्रेन युध्द: यूक्रेन ने गंवाया रणनीतिक शहर सिवेर्स्क, सेना ने की पुष्टि

By: The Trek News Desk

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच हालात और गंभीर होते जा रहे हैं. यूक्रेनी सेना ने पुष्टि की है कि उसे रूसी बलों के भारी दबाव के चलते पूर्वी यूक्रेन के रणनीतिक शहर सिवेर्स्क को छोड़ना पड़ा है. यह घोषणा मंगलवार देर रात की गई. रूसी सेना की ओर से लगातार हमलों के बीच यह इलाका लंबे समय से संघर्ष का केंद्र बना हुआ था.

यूक्रेन का आरोप है कि रूस क्रिसमस से पहले हमलों की तीव्रता बढ़ा रहा है, खासतौर पर देश की ऊर्जा व्यवस्था को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.

इस बीच रूस की राजधानी मॉस्को में एक भीषण विस्फोट की खबर सामने आई है. रूसी जांच एजेंसियों के अनुसार, दक्षिणी मॉस्को में रात के समय हुए धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो पुलिस अधिकारी शामिल हैं. यह विस्फोट उसी इलाके के पास हुआ है, जहां कुछ दिन पहले एक रूसी जनरल की हत्या की गई थी. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज़ कर दी है.

उधर, रूस के तुला क्षेत्र में यूक्रेन की ओर से किए गए ड्रोन हमले का दावा किया गया है. क्षेत्र के गवर्नर दिमित्री मिल्याएव ने बताया कि रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने 12 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया. हालांकि, गिराए गए एक ड्रोन के मलबे से एक औद्योगिक परिसर में आग लग गई. गवर्नर ने उस औद्योगिक इकाई का विवरण साझा नहीं किया.

एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, यूक्रेन की हिरासत में मौजूद दो उत्तर कोरियाई युद्धबंदियों ने दक्षिण कोरिया में नया जीवन शुरू करने की इच्छा जताई है. मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, इन सैनिकों ने एक पत्र के माध्यम से दक्षिण कोरिया स्थित एक मानवाधिकार संगठन को बताया कि वे भविष्य में वहां बसना चाहते हैं.

इन दोनों उत्तर कोरियाई सैनिकों को जनवरी में युद्ध के दौरान घायल होने के बाद यूक्रेनी सेना ने बंदी बना लिया था. पत्र में उन्होंने लिखा कि दक्षिण कोरियाई जनता के समर्थन से उनके भीतर नई उम्मीदें और सपने जन्म ले रहे हैं.

गौरतलब है कि दक्षिण कोरिया और पश्चिमी खुफिया एजेंसियों के अनुसार, उत्तर कोरिया ने रूस के समर्थन में हजारों सैनिक यूक्रेन युद्ध में भेजे हैं, जिससे इस संघर्ष का दायरा और व्यापक हो गया है.

Source: News Agencies

2 thoughts on “रूस-यूक्रेन युध्द: यूक्रेन ने गंवाया रणनीतिक शहर सिवेर्स्क, सेना ने की पुष्टि

betvnapp को प्रतिक्रिया दें जवाब रद्द करें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *