By: प्रेरणा भारती
रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज (आर.जी.पी.जी. कॉलेज), मेरठ में छात्राओं की ज्ञानवृद्धि और लाइब्रेरी उपयोगिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘स्टूडेंट लाइब्रेरी एनरिचमेंट प्रोग्राम’ का सफल आयोजन किया गया. कॉलेज की प्राचार्य प्रो. निवेदिता मलिक के संरक्षण में लाइब्रेरी कमेटी और आई.क्यू.ए.सी. (IQAC) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलजा, डॉ. उपासना देवी एवं श्रीमती अनामिका ने किया.
कार्यक्रम में छात्राओं को लाइब्रेरी की विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया, जिसमें पुस्तकों की कैटलॉगिंग, कंप्यूटर के माध्यम से खोज, इश्यू प्रक्रिया, इनफ्लिबनेट, डेलनेट और एलिस जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से पुस्तकें पढ़ना, रेयर बुक्स की स्कैन कॉपियां देखना शामिल रहा. लाइब्रेरी के विशेष कॉर्नर्स जैसे भारतीय ज्ञान परंपरा, कॉम्पिटिशन बुक्स, करियर कॉर्नर और वैकेंसी डिस्प्ले बोर्ड के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. डॉ. उपासना देवी ने भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी पुस्तकों पर विशेष प्रकाश डाला.
इसके अतिरिक्त, लाइब्रेरी की फोटोस्टेट सुविधा, कंप्यूटर पर पढ़ाई, रीडिंग रूम और जर्नल रूम जैसी व्यवस्थाओं से छात्राओं को परिचित कराया गया. लाइब्रेरियन श्री सनमेक कुमार ने इन सुविधाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की. कार्यक्रम विभिन्न विभागों के अनुसार दो दिनों में विभाजित किया गया. बुधवार को बी.ए. प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष तथा एम.ए. प्रथम और द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने भाग लिया.

लाइब्रेरी कमेटी की इंचार्ज प्रो. अंजुला राजवंशी ने छात्राओं को लाइब्रेरी में नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर आई.क्यू.ए.सी. समन्वयक प्रो. सोनिका चौधरी, एन.ए.ए.सी. समन्वयक डॉ. गीता रानी, प्रो. ममता उपाध्याय, डॉ. प्रियंका यादव, श्रीमती प्रियंका, डॉ. उपासना, श्रीमती अनामिका, डॉ. ज्योत्सना गौड़ सहित कॉलेज के विभिन्न विभागों की शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं.
यह कार्यक्रम छात्राओं में पुस्तकालय के प्रति रुचि जगाने और डिजिटल संसाधनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ.
