भारतीय छोरियों ने रचा इतिहास: जेमिमा रोड्रिग्स के शतकीय पारी से ऑस्ट्रेलिया पर शानदार जीत, महिला विश्व कप 2025 के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया

By: सचिन कुमार

आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत के धाकड़ छोरियो ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया. जेमिमा रोड्रिग्स ने अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए नाबाद 127 रन (134 गेंदों) की शानदार शतकीय पारी खेली और भारत को रिकॉर्ड 339 रनों के लक्ष्य तक पहुंचा दिया.

भारत ने यह लक्ष्य 48.3 ओवर में हासिल किया. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी अहम भूमिका निभाई, उन्होंने 88 गेंदों पर 89 रन बनाए. वहीं, दीप्ति शर्मा (24) और ऋचा घोष (26) ने भी उपयोगी योगदान देकर टीम को जीत की राह पर बनाए रखा. इस जीत के साथ भारत ने महिला विश्व कप के इतिहास में सबसे बड़ा रन चेज़ पूरा किया और अब फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा.

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 338 रन बनाए. ओपनर फीबी लिचफील्ड ने 93 गेंदों पर 119 रन की शानदार शतकीय पारी खेली. एलिस पेरी ने 77 रन (88 गेंद) बनाए, जबकि एशली गार्डनर ने अंत में 45 गेंदों पर 65 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर स्कोर को बड़ा किया.

भारत की ओर से युवा स्पिनर श्री चारनी ने सबसे किफायती गेंदबाजी की, उन्होंने 10 ओवर में 49 रन देकर दो विकेट लिए. दीप्ति शर्मा ने भी 2 विकेट चटकाए, हालांकि वह थोड़ी महंगी साबित हुईं (2/73). ऑस्ट्रेलिया की ओर से किम गार्थ (2/46) और एनेबल सदरलैंड (2/69) को सफलता मिली, लेकिन जेमिमा और हरमनप्रीत की साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया. अब भारत रविवार को होने वाले फाइनल में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा और अपनी पहली महिला विश्व कप ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगा.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *