ईरान के सेना प्रमुख ने अमेरिका और इसराइल को दी चेतावनी, किसी भी हमले के लिए तैयार हैं

By: The Trek News Desk

ईरान के थलसेना प्रमुख मेजर जनरल अमीर हातमी ने अमेरिका और इसराइल को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि यदि किसी भी प्रकार की सैन्य कार्रवाई की गई तो इसके गंभीर परिणाम होंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों में बढ़ोतरी के बाद ईरान की सशस्त्र सेनाएं पूरी तरह सतर्क और उच्च स्तर की तैयारियों में हैं.

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, जनरल हातमी ने कहा कि यदि दुश्मन कोई भी गलत कदम उठाता है तो वह न केवल अपनी सुरक्षा बल्कि पूरे क्षेत्र और इसराइल की सुरक्षा को भी खतरे में डाल देगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरानी सेना इस समय पूर्ण रक्षात्मक और सैन्य तत्परता की स्थिति में है.

सेना प्रमुख ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि ईरान की परमाणु वैज्ञानिक क्षमता को किसी भी सूरत में खत्म नहीं किया जा सकता. यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान, अमेरिकी हमलों से बचने के लिए किसी समझौते की कोशिश कर सकता है.

जनरल हातमी ने कहा कि ईरान की परमाणु विज्ञान और तकनीक देश की बुनियाद का हिस्सा है और यदि इस रास्ते में देश के वैज्ञानिकों या नागरिकों को भी बलिदान देना पड़े, तब भी इस तकनीक को समाप्त नहीं किया जा सकता.

उनका यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है जब मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है और ईरान, अमेरिका व इसराइल के बीच टकराव की आशंका बनी हुई है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *