Oracle ने 50 अरब डॉलर तक जुटाने की बनाई योजना, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार पर होगा ख़र्च

By: The Trek News Desk

सॉफ्टवेयर कंपनी Oracle ने घोषणा की है कि वह वर्ष 2026 में 45 से 50 अरब डॉलर तक की फंडिंग जुटाने की योजना बना रही है. इस पूंजी का उपयोग कंपनी अपने Oracle Cloud Infrastructure (OCI) के विस्तार के लिए करेगी, ताकि बढ़ती ग्राहक मांग को पूरा किया जा सके.

कंपनी के चेयरमैन अरबपति कारोबारी लैरी एलिसन हैं. Oracle ने स्पष्ट किया कि फंड जुटाने के लिए वह ऋण (Debt) और इक्विटी (Equity), दोनों विकल्पों का सहारा लेगी.

“यह पूंजी हमारे प्रमुख क्लाउड ग्राहकों, जैसे AMD, Meta, NVIDIA, OpenAI, TikTok, xAI और अन्य से जुड़ी अनुबंधित मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त क्षमता विकसित करने में इस्तेमाल की जाएगी.”

कंपनी ने बताया कि कुल फंडिंग का लगभग आधा हिस्सा इक्विटी से जुटाया जाएगा. इसके तहत इक्विटी-लिंक्ड इंस्ट्रूमेंट्स, सामान्य शेयर जारी करना, अनिवार्य कन्वर्टिबल प्रेफर्ड सिक्योरिटीज़ और 20 अरब डॉलर तक का नया ‘एट-द-मार्केट’ इक्विटी प्रोग्राम शामिल होगा.

वहीं, शेष राशि 2026 की शुरुआत में सीनियर अनसिक्योर्ड बॉन्ड जारी कर जुटाने की योजना है.

हाल के हफ्तों में Oracle के AI इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश को लेकर निवेशकों की निगाहें टिकी हुई हैं. कंपनी का कर्ज़ लगातार बढ़ रहा है और उसका भविष्य तेज़ी से OpenAI जैसे भागीदारों से जुड़ता जा रहा है, जो फिलहाल मुनाफे में नहीं है और अपनी इंफ्रास्ट्रक्चर फंडिंग को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप साझा नहीं कर चुका है.

इसी महीने Oracle पर बॉन्डहोल्डर्स ने मुकदमा भी दायर किया है. आरोप है कि कंपनी ने AI इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार के लिए बड़े पैमाने पर कर्ज़ लेने की ज़रूरत को छुपाया, जिससे निवेशकों को नुकसान हुआ.

गौरतलब है कि दिसंबर में Oracle के कर्ज़ पर डिफॉल्ट बीमा लागत बढ़कर पिछले कम से कम पांच सालों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी, जिससे बाज़ार में जोखिम को लेकर चिंता और गहरी हो गई.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *