By: The Trek News Desk
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 8 मार्च 2026 रात 9 बजे तक निर्धारित की गई है.
NTA की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आवेदन शुल्क का भुगतान उम्मीदवार 8 मार्च 2026 रात 11:50 बजे तक क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI के जरिए कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को 10 मार्च से 12 मार्च 2026 तक आवेदन फॉर्म में संशोधन (Correction Window) का मौका भी दिया जाएगा.
NEET UG भारत में अंडरग्रेजुएट मेडिकल और संबद्ध पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एकमात्र राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है. पिछले दो वर्षों में इस परीक्षा के लिए 20 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है. वर्ष 2025 में यह परीक्षा 4 मई को आयोजित की गई थी और परिणाम 14 जून को घोषित किए गए थे.
आवेदन शुल्क
भारत में परीक्षा केंद्र चुनने वाले उम्मीदवारों के लिए शुल्क इस प्रकार है-
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को ₹1700,
जनरल-EWS और OBC-NCL वर्ग को ₹1600,
जबकि SC/ST/PwBD और थर्ड जेंडर श्रेणी के उम्मीदवारों को ₹1000 शुल्क देना होगा.
भारत के बाहर परीक्षा केंद्र चुनने वाले सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए शुल्क ₹9500 तय किया गया है.
परीक्षा तिथि और समय
NEET UG 2026 परीक्षा का आयोजन 3 मई 2026 को किया जाएगा. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी, जिसकी अवधि कुल 3 घंटे (180 मिनट) होगी. परीक्षा केंद्र की जानकारी एडमिट कार्ड में दी जाएगी. इसके अलावा सिटी इंटिमेशन स्लिप, एडमिट कार्ड डाउनलोड, आंसर की और रिजल्ट से जुड़ी तारीखों की घोषणा बाद में nta.ac.in और neet.nta.nic.in पर की जाएगी.

NTA ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. उम्मीदवारों को आवेदन करते समय पासपोर्ट साइज़ फोटो, हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी और पता प्रमाण जैसे आवश्यक दस्तावेज़ अपलोड करने होंगे. प्रत्येक अभ्यर्थी केवल एक ही आवेदन फॉर्म भर सकता है, अन्यथा आवेदन रद्द किया जा सकता है.
इसके साथ ही उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपना या अपने माता-पिता/अभिभावकों का सक्रिय ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर ही दर्ज करें, क्योंकि भविष्य की सभी आधिकारिक सूचनाएं इन्हीं माध्यमों से भेजी जाएंगी.
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए उम्मीदवार NTA की हेल्पडेस्क से ई-मेल neetug2026@nta.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं या 011-40759000 / 011-69227700 नंबर पर कॉल कर सकते हैं.
Source: News Agencies
