सिसौली की छात्राओं ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का किया शैक्षणिक भ्रमण

By: प्रेरणा भारती

राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, सिसौली (जनपद मुजफ्फरनगर) की छात्राओं ने मंगलवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ का शैक्षणिक भ्रमण किया. इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा संस्थानों के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और शोध वातावरण से अवगत कराना था.

भ्रमण की शुरुआत सेंट्रल लाइब्रेरी से हुई, जहां छात्राओं को पुस्तकालय के विशाल संग्रह, डिजिटल लाइब्रेरी सिस्टम, ई-रिसोर्सेज और शोध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. उन्होंने पुस्तकों के वर्गीकरण, ई-जर्नल्स और ऑटोमेटेड बुक सर्चिंग सिस्टम को करीब से देखा तथा जाना कि विश्वविद्यालय के छात्र आधुनिक तकनीक से अध्ययन सामग्री कैसे प्राप्त करते हैं.

इसके पश्चात छात्राओं ने ललित कला विभाग का दौरा किया. यहां उन्हें पेंटिंग, स्केचिंग और मूर्तिकला की विभिन्न तकनीकों से परिचित कराया गया. शिक्षकों ने अपशिष्ट सामग्री से कलाकृतियां बनाने और पत्थरों को मूर्ति रूप देने की प्रक्रिया समझाई. छात्राओं ने विभागीय आर्ट गैलरी में प्रदर्शित छात्रों की रचनाओं की सराहना की.

भ्रमण के तीसरे चरण में तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल पहुंचकर छात्राओं ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की कार्यप्रणाली जानी. समाचार तैयारी, रिपोर्टिंग और प्रकाशन प्रक्रिया की जानकारी के अलावा उन्होंने विभागीय रेडियो स्टेशन ‘CCSU 90.8 FM’ और टीवी स्टूडियो में समाचार प्रसारण को प्रत्यक्ष देखा. विशेषज्ञों ने मीडिया की समाज निर्माण में भूमिका और जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया.

कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं ने कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला से मुलाकात की. कुलपति ने स्वागत करते हुए उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रेरित किया. उन्होंने कहा, “चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है, जो नवाचार, अनुसंधान और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है.

यहां विज्ञान, कला, पत्रकारिता, प्रबंधन, आईटी और कृषि जैसे क्षेत्रों में उच्चस्तरीय कोर्स हैं. हम छात्रों को डिग्री के साथ-साथ समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण देते हैं. छात्राओं में अपार संभावनाएं हैं; शिक्षा से वे सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं.” उन्होंने महिला शिक्षा को प्रोत्साहन और ऐसी यात्राओं की उपयोगिता पर बल दिया.

कार्यक्रम में कॉलेज शिक्षिकाएं एवं विश्वविद्यालय संकाय सदस्य मौजूद रहे. छात्राओं ने विश्वविद्यालय के अनुशासन और माहौल की तारीफ की तथा इसे जीवन की प्रेरणा बताया. छात्राओं की फोटो विश्वविद्यालय वेबसाइट पर अपलोड की गई.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *