By: The Trek News Desk
नेटफ्लिक्स पर हाल ही में रिलीज़ हुई आर्यन खान की वेब सीरीज़ Ba***ds of Bollywood* एक नई विवाद का कारण बन गई है. इस सीरीज़ में एक किरदार की झलक देखकर सोशल मीडिया यूज़र्स ने दावा किया कि वह पूर्व नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) अधिकारी समीर वानखेड़े से मिलती-जुलती है,वही अधिकारी जिन्होंने 2021 में आर्यन खान को ड्रग्स केस में गिरफ्तार किया था.
अब इस मामले ने कानूनी मोड़ ले लिया है. समीर वानखेड़े ने आर्यन खान, शाहरुख खान, गौरी खान की प्रोडक्शन कंपनी Red Chillies Entertainment Pvt. Ltd. और Netflix के खिलाफ ₹2 करोड़ का मानहानि का मुकदमा दायर किया है.
वानखेड़े का आरोप: “झूठ, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक”
वानखेड़े ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि यह सीरीज़ “झूठी, दुर्भावनापूर्ण और उनकी छवि को धूमिल करने वाली है.” उन्होंने आरोप लगाया कि इसका उद्देश्य न सिर्फ उन्हें बदनाम करना है, बल्कि भारत की एंटी-ड्रग एजेंसियों की साख को भी कमज़ोर करना है.

उन्होंने दावा किया कि यह प्रोग्राम सोची-समझी रणनीति के तहत बनाया गया है और इसका मकसद उनकी प्रतिष्ठा को नुक़सान पहुँचाना है, खासकर तब जब मामला अभी भी बॉम्बे हाईकोर्ट और NDPS स्पेशल कोर्ट, मुंबई में लंबित है.
वानखेड़े ने ₹2 करोड़ हर्जाना मांगते हुए किया नेक इरादा ज़ाहिर
मानहानि के तौर पर ₹2 करोड़ की राशि मांगते हुए वानखेड़े ने कहा है कि अगर यह उन्हें मिलती है, तो वह पूरी रकम टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल को दान कर देंगे, जिससे कैंसर मरीजों का इलाज किया जा सके.
उनके वकीलों द्वारा जारी बयान में यह भी कहा गया कि सीरीज़ में “राष्ट्रीय प्रतीक ‘सत्यमेव जयते’ के साथ अश्लील इशारा दिखाया गया है,” जो Prevention of Insults to National Honour Act, 1971 का उल्लंघन है और इसके लिए कानूनी सज़ा हो सकती है.
सीरीज़ में क्या दिखाया गया है?
सीरीज़ में एक दृश्य में एक पुलिस अधिकारी को एक पार्टी में दिखाया गया है जो खुद को ‘ड्रग्स के खिलाफ जंग’ और ‘NCG’ का सदस्य बताता है, यह शब्द NCB की याद दिलाता है. वह अफसर सफेद शर्ट और गहरे रंग की पैंट में है, और उसका हेयरस्टाइल व बॉडी लैंग्वेज समीर वानखेड़े से मेल खाती है.
वह पहले एक युवक को छोड़ देता है क्योंकि वह फिल्म इंडस्ट्री से नहीं है, लेकिन एक दूसरे व्यक्ति को केवल इसलिए गिरफ्तार करता है क्योंकि वह बॉलीवुड से ताल्लुक रखता है, भले ही वह नशे में न हो.

क्यों हटाए गए थे समीर वानखेड़े आर्यन केस से?
अक्टूबर 2021 में मुंबई के पास Cordelia क्रूज़ शिप पर ड्रग्स पार्टी की सूचना के बाद वानखेड़े की टीम ने छापा मारा और आर्यन खान को गिरफ्तार किया. वह एक महीने तक जेल में रहे थे.
हालांकि, 2023 में CBI ने वानखेड़े और चार अन्य अधिकारियों के खिलाफ ₹25 करोड़ की कथित उगाही की साजिश में केस दर्ज किया. उन पर आरोप था कि उन्होंने एक आरोपी के परिवार से पैसा लेकर केस से बाहर रखने की मांग की थी.
Source: News Agencies
