लोकसभा अध्यक्ष को हटाने का नोटिस बजट सत्र के दूसरे चरण में होगा सूचीबद्ध

By: The Trek News Desk

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों द्वारा दिया गया नोटिस अब बजट सत्र के दूसरे चरण में सूचीबद्ध किया जाएगा. रिपोर्टस के मुताबिक, नोटिस में कुछ गलतियां पाई गई हैं, जिन्हें दुरुस्त करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

मंगलवार (10 फरवरी 2026) को विपक्षी दलों के सांसदों ने लोकसभा के महासचिव को नोटिस सौंपा था. इसमें आरोप लगाया गया कि अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही “पक्षपातपूर्ण ढंग” से संचालित की है, इसलिए उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए.

सूत्रों के अनुसार, नोटिस में फरवरी महीने की चार घटनाओं का उल्लेख किया गया था, लेकिन वर्ष गलत तरीके से 2025 लिखा गया, जबकि संदर्भ 2026 का था. इस गलती को तकनीकी कमी माना गया है.

बताया गया है कि लोकसभा अध्यक्ष ने सचिवालय को निर्देश दिया है कि नोटिस में मौजूद खामियों को ठीक कराया जाए और उसके बाद नियमानुसार प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए. संशोधित नोटिस मिलने के बाद इसे नियमों के तहत जल्द जांच के लिए लिया जाएगा.

सूत्रों का यह भी कहना है कि विपक्ष द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय होने तक ओम बिरला सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता नहीं करेंगे. इस फैसले को “नैतिक आधार” पर लिया गया कदम बताया जा रहा है.

गौरतलब है कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक अपने पहले चरण में चल रहा है. इसके बाद अवकाश रहेगा और दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा.

अब सभी की नज़रें इस बात पर टिकी हैं कि संशोधित नोटिस कब पेश किया जाता है और सदन में इस मुद्दे पर आगे क्या रुख अपनाया जाता है.

Source: News Agencies

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *