By: The Trek News Desk
रूस के पूर्ण पैमाने पर हमले के चार वर्ष पूरे होने पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने देश की दृढ़ता और एकजुटता की सराहना की. उन्होंने कहा कि मॉस्को अपने प्रमुख सैन्य और राजनीतिक उद्देश्यों को हासिल करने में नाकाम रहा है. यह संघर्ष द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप का सबसे रक्तरंजित युद्ध माना जा रहा है, जिसमें अब तक हज़ारों लोग मारे जा चुके हैं और कई शहर व बुनियादी ढांचे बुरी तरह तबाह हुए हैं.
हमले की चौथी बरसी पर यूक्रेन के शहर इरपिन समेत कई स्थानों पर नागरिकों ने एक मिनट का मौन रखकर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी. कीव के सामने अब युद्ध के बाद पुनर्निर्माण की बड़ी चुनौती है, जबकि अग्रिम मोर्चों पर लड़ाई जारी है.
इसी बीच यूनाइटेड किंगडम ने रूस के खिलाफ अपने प्रतिबंध तंत्र के तहत 297 नए नाम जोड़ने की घोषणा की. लंदन ने कहा कि यह कदम युद्ध की चौथी वर्षगांठ पर मॉस्को पर दबाव बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है.
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बयान देते हुए कहा कि यह युद्ध रूस के लिए “सैन्य, आर्थिक और रणनीतिक, तीनों मोर्चों पर विफलता” साबित हुआ है. उन्होंने जोड़ा कि एक दिन रूसी जनता इस संघर्ष की भारी कीमत और दीर्घकालिक नुकसानों को समझेगी.
वीडियो संदेश में राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि व्लादिमिर पुतिन यूक्रेन को झुकाने और अपने कब्ज़े का विस्तार करने में असफल रहे. “उन्होंने यूक्रेनियों का हौसला नहीं तोड़ा. हम अपने देश को बचाए रखने में सफल रहे हैं,” जेलेंस्की ने कहा. साथ ही उन्होंने मज़बूत और स्थायी शांति के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प दोहराया.
चार साल बाद भी जंग का अंत दूर दिखाई देता है, लेकिन यूक्रेन का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय समर्थन के साथ पुनर्निर्माण और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कर रहा है.
Source: News Agencies
