राजस्थान के कोटा में तीन मंजिला इमारत ढहने सेदो की मौत, कई लोग घायल

By: The Trek News Desk

राजस्थान के कोटा शहर के तलवंडी इलाके में शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. इस दुर्घटना में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, जिस इमारत के गिरने की घटना हुई, उसमें एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था. हादसे के समय रेस्टोरेंट में ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे. इमारत के ढहते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

राजस्थान सरकार में मंत्री मदन दिलावर ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है और नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इनमें से चार लोग अभी अस्पताल में इलाजरत हैं, जबकि कुछ अन्य को निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है या उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि इमारत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है.

स्थानीय विधायक संदीप शर्मा भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि इमारत अचानक गिरी, जिससे आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं. राहत टीमों द्वारा कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है और अभियान लगातार जारी है.

जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया था. अब तक पांच लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अंदर कितने लोग फंसे हुए हैं.

प्रशासन ने आसपास के इलाके को घेर लिया है और भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है. स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है.

Source: News Source

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *